बंगाल: मुख्यमंत्री आवास पर होगी भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की कोर कमेटी की अहम बैठक
बंगाल: मुख्यमंत्री आवास पर होगी भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की कोर कमेटी की अहम बैठक
कोलकाता, 19 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई का शीर्ष नेतृत्व रविवार शाम यहां मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के आधिकारिक आवास पर पार्टी की कोर कमेटी की अहम बैठक करेगा। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
इस बैठक में पार्टी की राजनीतिक और संगठनात्मक प्राथमिकताओं की समीक्षा किए जाने तथा आने वाले महीनों की रणनीति तय किए जाने की संभावना है।
यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि इसमें पार्टी के पूरे प्रदेश नेतृत्व के साथ केंद्रीय पर्यवेक्षक भी शामिल होंगे।
इससे संकेत मिलता है कि चर्चा केवल संगठनात्मक मामलों तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि राज्य के लिए केंद्रीय नेतृत्व की राजनीतिक रणनीति को लागू करने पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
बैठक में शुभेंदु के साथ भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य, केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, संगठन महासचिव अमिताभ चक्रवर्ती व सतीश धोंड और प्रदेश महासचिव लॉकेट चटर्जी, ज्योतिर्मय सिंह महतो, सौमित्र खान, शशि अग्निहोत्री व बापी गोस्वामी भी मौजूद रहेंगे।
पश्चिम बंगाल के लिए भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक सुनील बंसल, मंगल पांडेय और अमित मालवीय भी बैठक में शामिल होंगे।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, बैठक में राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात की समीक्षा की जाएगी।
सूत्रों ने बताया कि साथ ही सरकार और संगठन के बीच समन्वय पर चर्चा होगी तथा शासन व राजनीतिक जनसंपर्क के अगले चरण के लिए पार्टी की रणनीति तय की जाएगी।
भाषा जितेंद्र रंजन
रंजन

Facebook


