बंगाल: भारी बारिश के कारण दार्जिलिंग में भूस्खलन और पुल ढहा, कोलकाता में जलभराव

बंगाल: भारी बारिश के कारण दार्जिलिंग में भूस्खलन और पुल ढहा, कोलकाता में जलभराव

बंगाल: भारी बारिश के कारण दार्जिलिंग में भूस्खलन और पुल ढहा, कोलकाता में जलभराव
Modified Date: June 19, 2026 / 08:19 pm IST
Published Date: June 19, 2026 8:19 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

कोलकाता, 19 जून (भाषा) मानसून की बारिश के कारण उत्तर बंगाल के ज्यादातार हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हो गया और कोलकाता तथा दक्षिण बंगाल के जिलों के कई इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे प्रमुख सड़कों पर यातायात जाम की स्थिति पैदा हो गई।

बृहस्पतिवार की रात शुरू हुई बारिश शुक्रवार दोपहर तक जारी रही।

अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसी भूटान और सिक्किम में हुई मूसलाधार बारिश के कारण उत्तर बंगाल की नदियां, जिनमें तीस्ता और बालासन (जो महानंदा की एक प्रमुख सहायक नदी है) शामिल हैं, खतरे के निशान के करीब बहने लगीं।

दार्जिलिंग के विभिन्न क्षेत्रों से भूस्खलन की कई घटनाएं सामने आईं, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग-110 मुख्य सड़क के माध्यम से उत्तर बंगाल के शहर सिलीगुड़ी और पहाड़ी क्षेत्रों के बीच संपर्क बाधित हो गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें अगले कुछ दिनों में जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है।

दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और कूचबिहार जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है, जिसमें गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है।

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए दक्षिण बंगाल के कोलकाता, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिमी मेदिनीपुर जिलों के लिए भी ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।

अधिकारियों ने बताया कि दार्जिलिंग जिले में बालासन नदी पर बने एक अस्थायी पुल का हिस्सा भारी बारिश के कारण शुक्रवार को ढह जाने से सिलिगुड़ी और मिरिक अनुमंडल के बीच वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई।

अक्टूबर 2025 में दुधिया स्थित लोहे का पुल ढह जाने के बाद एक वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में यह अस्थायी पुल बनाया गया था।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाने से दुधिया स्थित अस्थायी ह्यूम पाइप पुल का एक हिस्सा ढह गया।’’

उन्होंने बताया कि वाहनों की आवाजाही फिलहाल पंखाबाड़ी और कर्सियांग मार्गों से वैकल्पिक रास्तों के जरिये हो रही है।

कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के अधिकारियों ने कहा कि कई इलाकों से जलभराव की सूचना मिली है, लेकिन उन्होंने स्थिति को गंभीर नहीं बताया।

निगम के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘पंपिंग स्टेशनों और अन्य जल निकासी उपायों को पहले ही अपनाया गया है और नगर निकाय के कर्मचारी सतर्क हैं। बारिश रुकने के बाद पानी का स्तर घटने की उम्मीद है।’’

अधिकारियों ने बताया कि रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाए जाने और रेड रोड पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक निर्धारित कार्यक्रम के मद्देनजर, केएमसी नियंत्रण कक्ष से स्थिति पर निगरानी रख रहा है और उच्च सतर्कता बरत रहा है।

कुछ निचले इलाकों में पानी घरों और शैक्षणिक संस्थानों में घुस गया, जिससे निवासियों, कार्यालय जाने वालों और विद्यार्थियों को असुविधा हुई।

मौसम विभाग के अनुसार, अलीपुर में सुबह 8:30 बजे से 11:30 बजे के बीच 43.6 मिमी, दमदम में 58 मिमी और साल्ट लेक में 80 मिमी बारिश दर्ज की गई।

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में