दिल्ली की फैक्टरी में लगी आग, घबराकर बगल की इमारत से कूदने से घायल हुए छह लोग

दिल्ली की फैक्टरी में लगी आग, घबराकर बगल की इमारत से कूदने से घायल हुए छह लोग

दिल्ली की फैक्टरी में लगी आग, घबराकर बगल की इमारत से कूदने से घायल हुए छह लोग
Modified Date: September 14, 2026 / 12:25 am IST
Published Date: September 14, 2026 12:25 am IST

नयी दिल्ली, 13 सितंबर (भाषा) उत्तर पश्चिमी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में रविवार को एक गोदाम-सह-कारखाने में आग लगने के बाद उसकी बगल में स्थित इमारत से दहशत में आकर कूद जाने से महिलाओं और बच्चों समेत छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार जूडो की पोशाक और बॉक्सिंग दस्ताने बनाने वाली फैक्टरी के भूतल और पहली मंजिल पर आग लगी थी।

पुलिस ने बताया कि आग लगने के समय परिसर के अंदर कोई मौजूद नहीं था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘हालांकि, फैक्टरी से सटी इमारत में रहने वाले लोगों में दहशत उत्पन्न हो गई, जिसके कारण महिलाओं और बच्चों समेत छह लोग इमारत से कूद गए और घायल हो गए।’’

अधिकारी ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर है।

उन्होंने बताया कि दिल्ली अग्निशमन सेवा को आग लगने की सूचना पूर्वाह्न 11 बजकर पांच मिनट पर मिली, जिसके बाद दमकल की 15 गाड़ियों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया।

पुलिस ने बताया कि दमकलकर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का अभियान शुरू किया और अब आग पूरी तरह से बुझा दी गई है।

पुलिस ने कहा कि आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान का पता लगाया जा रहा है। उसने कहा कि घटना में घायल हुए लोगों की पहचान और उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में कथित तौर पर बच्चों समेत छह लोग एक इमारत की छोटी खिड़की से एक खाली भूखंड में कूदते हुए दिखाई दे रहे हैं।

पास की किसी इमारत से रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो में दो बच्चे पहले खिड़की से बाहर निकलते और नीचे कूदते हुए दिखाई दे रहे हैं।

नीचे जमा लोग ज़मीन पर चादरें और गद्दे बिछाकर उन्हें सुरक्षित उतरने में मदद करने की कोशिश करते हुए दिख रहे हैं।

इसके बाद एक महिला खिड़की से बाहर निकलते और कूदने की तैयारी करती हुई दिखाई देती है। नीचे खड़े कई लोग उसके गिरने पर चोट से बचाने के लिए जल्दी-जल्दी अतिरिक्त चादरें और गद्दे बिछाते हुए नज़र आते हैं।

इस फुटेज में घटना को देखने वाले लोगों में मची अफरातफरी साफ़ दिख रही है तथा लोग और चादरें लाने के लिए चिल्लाते हुए सुनाई दे रहे हैं। एक जगह पर, एक व्यक्ति को यह कहते हुए सुना जा सकता है, ‘‘अरे और चादर लाओ।’’

भाषा राजकुमार देवेंद्र

देवेंद्र


लेखक के बारे में