बंगाल चुनाव : बसंती सीट से भाजपा के उम्मीदवार ने तृणमूल ‘गुंडों’ द्वारा हमला करने का आरोप लगाया

Ads

बंगाल चुनाव : बसंती सीट से भाजपा के उम्मीदवार ने तृणमूल ‘गुंडों’ द्वारा हमला करने का आरोप लगाया

  •  
  • Publish Date - April 29, 2026 / 12:33 PM IST,
    Updated On - April 29, 2026 / 12:33 PM IST

कोलकाता, 29 अप्रैल (भाषा) दक्षिण 24 परगना की बसंती विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार विकास सरदार ने बुधवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के दौरान ‘‘तृणमूल कांग्रेस के 200 से 250 गुंडों’’ ने उनकी कार पर हमला किया और उनके चालक की पिटाई की।

तृणमूल ने इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

सरदार ने दावा किया कि यह घटना कंठालबेरिया इलाके में उस समय हुई, जब वह अपने विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों का दौरा कर रहे थे।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘तृणमूल पूरे क्षेत्र में गुंडागर्दी कर रही है। तृणमूल के करीब 200 से 250 गुंडों ने लोहे की छड़ और बांस की लाठियों से मेरी कार पर हमला किया। उन्होंने मेरे चालक की भी पिटाई की।’’

सरदार ने आरोप लगाया कि उनकी गाड़ी पर पथराव भी किया गया और घटना के बाद केंद्रीय बलों को मौके पर भेजा गया।

भाजपा उम्मीदवार ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने भी उनके साथ मारपीट की।

सरदार ने कहा, ‘‘मेरी कार पर हमला हुआ और पुलिसकर्मियों ने मुझे भी पीटा। वे स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के बजाय सत्तारूढ़ पार्टी की मदद कर रहे हैं।’’

विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में दक्षिण बंगाल की 142 सीटों पर भारी केंद्रीय बलों की तैनाती और कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच मतदान जारी है।

निर्वाचन आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पूर्वाह्न 11 बजे तक 3.21 करोड़ मतदाताओं में से कुल 39.97 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

भाषा गोला मनीषा

मनीषा