बंगाल चुनाव : आचार संहिता सख्ती से लागू, 181 करोड़ रुपये की नकदी, शराब और मादक पदार्थ जब्त

Ads

बंगाल चुनाव : आचार संहिता सख्ती से लागू, 181 करोड़ रुपये की नकदी, शराब और मादक पदार्थ जब्त

  •  
  • Publish Date - March 23, 2026 / 05:44 PM IST,
    Updated On - March 23, 2026 / 05:44 PM IST

कोलकाता, 23 मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल की सभी 294 विधानसभा सीटों पर आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है और इसके तहत अब तक 181 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी, शराब, मादक पदार्थ और अन्य सामग्री जब्त की जा चुकी है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होंगे, जबकि मतगणना चार मई को होगी।

अधिकारियों के अनुसार, अवैध राजनीतिक विज्ञापनों को हटाने के लिए भी व्यापक अभियान चलाया गया है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय द्वारा जारी बयान में कहा गया कि सभी जिलों में सार्वजनिक और निजी संपत्तियों पर लगाए गए अवैध पोस्टर और अन्य प्रचार सामग्रियों को हटाया गया है।

बयान के मुताबिक, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कुल 3,11,829 घटनाएं और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की 19,901 घटनाएं सामने आई हैं, जबकि इस संबंध में विभिन्न जिलों में 3,58,986 मामले दर्ज किए गए हैं।

निर्वाचन आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘राज्य भर में इस बात की कड़ी निगरानी रखी जा रही है कि आदर्श आचार संहिता का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए।’’

अधिकारियों ने बताया कि शिकायतों पर कार्रवाई करने और नकदी तथा अन्य सामग्रियों के अवैध परिवहन की जांच करने के लिए 1,800 से अधिक उड़न दस्ते (एफएसटी) और 2,200 से अधिक स्थैतिक निगरानी टीम (एसएसटी) तैनात की गई हैं।

उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था के मोर्चे पर, कोलकाता पुलिस ने केंद्रीय बलों के साथ मिलकर बड़ानगर और कालीघाट में हुई घटनाओं में हस्तक्षेप किया, ताकि तनाव को बढ़ने से रोका जा सके और शांति व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

बयान में कहा गया है कि पुलिस ने आपराधिक धमकी और मतदाता को धमकाने से संबंधित मामलों में भी गिरफ्तारियां की हैं, जबकि गहन निगरानी के तहत बिना लाइसेंस वाले हथियार और विस्फोटक जब्त किए गए हैं।

भाषा रवि कांत रवि कांत दिलीप

दिलीप

ताजा खबर