बंगाल: शाह ने दार्जिलिंग के ‘स्थायी राजनीतिक समाधान’ के लिए नेताओं के साथ की बैठक
बंगाल: शाह ने दार्जिलिंग के ‘स्थायी राजनीतिक समाधान’ के लिए नेताओं के साथ की बैठक
सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल), 22 अगस्त (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर बंगाल के अपने दौर के तीसरे और अंतिम दिन शनिवार को दार्जिलिंग की पहाड़ियों की तलहटी में स्थित सुकना के एक होटल में पर्वतीय नेताओं के साथ बैठक की।
अधिकारियों ने बताया कि माना जा रहा है कि बैठक में संवैधानिक ढांचे के तहत दार्जिलिंग पहाड़ियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के ‘स्थायी राजनीतिक समाधान’ तलाशने के मुद्दे पर चर्चा हुई।
बैठक में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी मौजूद थे। इसमें गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (जीजेएम) के प्रमुख बिमल गुरुंग और पार्टी के वरिष्ठ नेता रोशन गिरि, गोरखा नेशनल लिबरेशन फ्रंट (जीएनएलएफ) के अध्यक्ष मान घीसिंग, दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्टा, राज्य सरकार के कई मंत्री, पर्वतीय क्षेत्रों के भाजपा विधायक और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।
माना जा रहा है कि बैठक में भाजपा के चुनावी वादे के तहत गोरखा समुदाय और पर्वतीय क्षेत्रों के अन्य निवासियों के लिए ‘स्थायी राजनीतिक समाधान’ के मुद्दे पर मुख्य रूप से चर्चा हुई है। गोरखा समुदाय और क्षेत्र के लोग कई दशकों से अलग गोरखालैंड राज्य की मांग करते रहे हैं।
पिछली राज्य सरकारों ने दार्जिलिंग गोरखा हिल काउंसिल (डीजीएचसी) और गोरखालैंड क्षेत्रीय प्रशासन (जीटीए) जैसी व्यवस्थाओं के माध्यम से इस मुद्दे के समाधान का प्रयास किया था, लेकिन इन पहलों से क्षेत्र में लंबे समय तक शांति, आर्थिक समृद्धि और राजनीतिक स्थिरता सुनिश्चित नहीं हो सकी।
भाषा शोभना देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


