बंगाल: वायरल वीडियो में ‘भड़काऊ टिप्पणी’ करने के आरोप में टीएमसी विधायक के आवास पर छापेमारी

Ads

बंगाल: वायरल वीडियो में ‘भड़काऊ टिप्पणी’ करने के आरोप में टीएमसी विधायक के आवास पर छापेमारी

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 04:10 PM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 04:10 PM IST

कोलकाता, 14 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बिष्णुपुर में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) विधायक दिलीप मंडल के दो घरों पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को छापेमारी की। मंडल पर एक वीडियो संदेश में भड़काऊ टिप्पणी करने और भाजपा कार्यकर्ताओं को धमकी देने का आरोप है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि डायमंड हार्बर जिला पुलिस केंद्रीय बलों के साथ सुबह पायलान क्षेत्र में विधायक के आवास पर पहुंची।

पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘प्राथमिकी में दर्ज विशिष्ट आरोपों के आधार पर जारी जांच के तहत तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। कानून के अनुसार सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।’’

वायरल हो रहे वीडियो में, मंडल को एक जनसभा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ धमकी भरे बयान देते हुए सुना जा सकता है।

‘पीटीआई-भाषा’ इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका।

अधिकारी ने बताया कि बिष्णुपुर के विधायक के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस टीम के पहुंचने पर मंडल अपने आवास पर मौजूद नहीं थे। हालांकि, अधिकारी ने बताया कि उन्हें आज सुबह इलाके में देखा गया था।

अधिकारी ने कहा, ‘‘विधायक के दो मोबाइल फोन घर में मिले हैं और तलाशी अभियान अब भी जारी है।’’

भाषा शफीक मनीषा

मनीषा