नीट-यूजी परीक्षा रद्द होने के मुद्दे पर राजनीति कर रहा विपक्ष : राजग नेता

Ads

नीट-यूजी परीक्षा रद्द होने के मुद्दे पर राजनीति कर रहा विपक्ष : राजग नेता

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 04:23 PM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 04:23 PM IST

पटना, 14 मई (भाषा) बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेताओं ने बृहस्पतिवार को कहा कि विपक्षी दल राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-यूजी रद्द किए जाने के मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहे हैं और छात्रों को “गुमराह” करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

देशभर में तीन मई को आयोजित नीट-यूजी 2026 परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बीच मंगलवार को रद्द कर दिया गया था। केंद्र सरकार द्वारा मामले में “अनियमितताओं” की व्यापक जांच के निर्देश दिए जाने के बाद केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने प्राथमिकी दर्ज की है।

जनता दल (यूनाइटेड) की बिहार इकाई के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने यहां संवाददाताओं से कहा, “नीट-यूजी पेपर लीक मामले में शामिल लोगों के खिलाफ संबंधित प्राधिकारियों ने कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। विपक्षी दल केवल इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहे हैं और छात्रों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।”

कुशवाहा ने पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण ईंधन और अन्य आपूर्ति में व्यवधान की चुनौती से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा हाल में घोषित मितव्ययिता उपायों की भी सराहना की।

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री की ईंधन संरक्षण अपनाने की हालिया अपील के बाद बिहार समेत विभिन्न राज्य सरकारों ने इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। यह फैसला देशहित में लिया गया है।”

इसी तरह की राय व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने कहा, “प्रधानमंत्री की अपील के बाद कई राज्य सरकारों ने मितव्ययिता अभियान के तहत व्यापक कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री ने स्वयं मितव्ययिता उपाय अपनाकर दूसरों के लिए उदाहरण पेश किया है। विपक्षी दल इन उपायों की आलोचना कर नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं।”

नीट-यूजी परीक्षा रद्द किए जाने के संबंध में पूछे गए सवाल पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा, “मैं इतना ही कहना चाहूंगा कि केंद्रीय जांच एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। एजेंसियों को अपना काम करने दीजिए।”

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने हाल में नीट-यूजी परीक्षा रद्द किए जाने को लेकर राजग सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि “23 लाख छात्रों का भविष्य एक बार फिर दांव पर लग गया है।”

भाषा

कैलाश रवि कांत