(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 14 मई (भाषा) अमेरिका की आजादी की 250वीं सालगिरह के उपलक्ष्य में यहां के एक प्रसिद्ध संग्रहालय में अनूठी प्रदर्शनी लगाई गई है, जिसमें क्रांतिकारी युग की एक युद्धक नौका, जॉर्ज वाशिंगटन की वर्दी, थॉमस जेफरसन की मेज और 2025 के राष्ट्रपथि शपथ ग्रहण समारोह में देश की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप द्वारा पहना गया गाउन सहित कई वस्तुएं प्रदर्शित की गई हैं।
स्मिथसोनियन नेशनल म्यूजियम ऑफ अमेरिकन हिस्ट्री में ‘‘जीवन, स्वतंत्रता और खुशी की खोज में’’ शीर्षक से लगाई गई प्रदर्शनी में 18वीं से 21वीं शताब्दी तक के इतिहास के महत्वपूर्ण क्षणों से संबंधित प्रतिष्ठित कलाकृतियों और रोजमर्रा की वस्तुओं को प्रदर्शित किया गया है, जो अमेरिका के व्यापक इतिहास को जीवंत बनाते हैं। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन बृहस्पतिवार को किया गया।
संग्रहालय की निदेशक एंथिया एम. हार्टिग ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम यह कहना पसंद करते हैं कि अमेरिका की कहानी इतनी बड़ी है कि इसके लिए एक पूरे संग्रहालय की जरूरत है।’’
उन्होंने बताया कि संग्रहालय तीन मंजिला है और यह कुल 2. 50 लाख वर्ग फुट में फैला है। इसमें 250 वस्तुएं प्रदर्शित की गई हैं जो 250 कहानियों को उजागर करती हैं, ये न केवल अमेरिका की स्थापना वर्ष 1776 से, बल्कि वर्तमान तक के पूरे 250 वर्षों के इतिहास का प्रतिनिधित्व करती है।
प्रदर्शनी के परियोजना निदेशक थियोडोर गोंसाल्वेस ने कहा, ‘‘तो 250 सपने, 250 कार्य, 250 कदम आगे। कभी-कभी पीछे भी, लेकिन अमेरिकी इतिहास में हमेशा जीवंतता रही है।’’
इसमें 76 वस्तुएं पहली बार सार्वजनिक प्रदर्शनी में शामिल की गई हैं या उन्हें बहुत कम बार प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी के प्रमुख आकर्षणों में से एक है युद्धक नौका फिलाडेल्फिया, जो सबसे पुराना और सही सलामत बचा हुआ अमेरिकी युद्धपोत है। यह क्रांति युग की सबसे उल्लेखनीय कलाकृतियों में से एक है।
लेक चैम्पलेन पर ब्रिटिश सेना की गति को धीमा करने के लिए गठित महाद्वीपीय बेड़े के हिस्से के रूप में इस युद्धपोत का निर्माण 1776 में किया गया था। यह वैलकोर द्वीप की लड़ाई के दौरान दुश्मन के गोलाबारी की वजह से डूब गया था। यह युद्धक नौका 1935 में बरामद की गई और बाद में संग्रहालय में स्थानांतरित की गई।
इसके अलावा, थॉमस जेफरसन द्वारा 1776 में स्वतंत्रता की घोषणा का मसौदा तैयार करने के लिए इस्तेमाल की गई मूल टेबल, दूसरे अमेरिकी राष्ट्रपति की पत्नी एबिगेल एडम्स द्वारा पहना गया नकली मोती का हार, राष्ट्रीय गान को प्रेरित करने वाला स्टार-स्पैंगल्ड बैनर और जॉर्ज वाशिंगटन की सैन्य वर्दी भी प्रदर्शित की गई है।
भाषा धीरज मनीषा
मनीषा