बेंगलुरु, 16 जुलाई (भाषा) बेंगलुरु में विवाह का प्रस्ताव देने वाले एक व्यक्ति के भाई द्वारा चाकू मारे जाने से घायल हुई विधि छात्रा की यहां एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि जिस व्यक्ति के भाई ने छात्रा पर हमला किया, उस व्यक्ति ने पहले उसे शादी का प्रस्ताव दिया था।
पुलिस के अनुसार, कोडिहल्ली निवासी 22 वर्षीय अमृता घर जा रही थी, तभी रास्ते में हिन्दुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के पास सूर्या ने उसे रोका और चाकू मार दिया।
लोगों ने सूर्या का पीछा कर उसे पकड़ा और पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने सूर्या और उसके भाई धनुष को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों उसी इलाके में रहते हैं, जहां अमृता रहती थी।
धनुष पहले से शादीशुदा था और उसका एक बच्चा भी है। वह अमृता पर उससे शादी करने के लिए दबाव बना रहा था।
जब छात्रा को उसकी शादीशुदा स्थिति के बारे में पता चला तो उसने शादी से इनकार कर दिया, जिससे सूर्या नाराज हो गया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को सूर्या ने हिन्दुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के पास व्यस्त सड़क पर पीड़िता को कई बार चाकू मारा। उसकी बुधवार देर रात मौत हो गई।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा