मुजफ्फरनगर (उप्र), चार सितंबर (भाषा) हरियाणवी गायक मासूम शर्मा ने शुक्रवार को शामली जिले के बन्ती खेड़ा गांव पहुंचकर गायक अंकित बालियान के परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की।
मासूम शर्मा पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान के साथ हरियाणवी गायक दिवंगत अंकित के परिवार से मिलने उनके पैतृक गांव पहुंचे।
पत्रकारों से बातचीत में मासूम शर्मा ने अपराध की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि इस उद्योग में कलाकारों को खतरे का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने अंकित के पिता सतवीर सिंह और पत्नी सीमा सहित परिजनों से मिलकर शोक व्यक्त किया।
इस बीच, मृतक के परिजनों ने सभी फरार आरोपियों को पकड़ने की मांग दोहराई है।
हरियाणवी गायक अंकित बालियान की 26 अगस्त को शामली में जिम से निकलकर कार की ओर जाते समय अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। बाद में 31 अगस्त को शामली जिले में पुलिस के साथ मुठभेड़ में दो कथित शार्प शूटर सुमित और मोहित पुलिस मुठभेड़ में मारे गए थे।
पुलिस ने दो फरार शूटर पर इनाम 50 हजार रुपये से बढ़ाकर एक-एक लाख रुपये कर दिया है।
पुलिस के अधिकारियों ने कहा है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
भाषा सं आनन्द शफीक
शफीक