बेंगलुरु: नाबालिग लड़की से बलात्कार के आरोप में तीन गिरफ्तार

Ads

बेंगलुरु: नाबालिग लड़की से बलात्कार के आरोप में तीन गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 22, 2026 / 01:05 AM IST,
    Updated On - July 22, 2026 / 01:05 AM IST

बेंगलुरु, 21 जुलाई (भाषा) कर्नाटक के बेंगलुरु में एक ऑटो-रिक्शा चालक ने 14 साल की लड़की का अपहरण कर कथित तौर पर उसके साथ बलात्कार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि 17 जुलाई की रात देवनहल्ली में हुई इस घटना के सिलसिले में एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ़्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी लड़की पर नजर रखे हुए था, लेकिन सीधे उसके संपर्क में नहीं आ पा रहा था। इसके बाद उसने कथित तौर पर लड़की की पड़ोसी एक महिला की मदद ली और मंदिर ले जाने के बहाने उसे घर से बाहर बुलाया।

पुलिस के मुताबिक, महिला आरोपी और उसके दोस्त के साथ मिलकर लड़की को ऑटो-रिक्शा में एक सुनसान जगह ले गई, जहां उन्होंने उसे जबरदस्ती शराब पिलाई।

पुलिस के मुताबिक, इसके बाद आरोपी बच्ची को एक निर्माणाधीन इमारत में ले गए, जहां आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ बलात्कार किया।

पुलिस ने बताया कि अगली सुबह, आरोपी ने बच्ची को उसके घर के पास छोड़ दिया और धमकी दी कि अगर उसने किसी को इस बारे में बताया तो वे उसे मार देंगे, लेकिन जब उसकी मां ने उससे पूछा कि वह कहां थी, तो उसने अपनी आपबीती सुनाई।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बच्ची की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और अपराध में इस्तेमाल किया गया ऑटो-रिक्शा जब्त कर लिया गया। मामले की जांच जारी है।

भाषा राखी रंजन

रंजन