नयी दिल्ली, एक सितंबर (भाषा) जानीमानी नृत्यांगना एवं कोरियोग्राफर मयूरी उपाध्याय की नवीनतम प्रस्तुति ‘भक्ति: ए शेयर्ड लॉन्गिंग’ तीन और चार सितंबर को मुंबई में आयोजित की जाएगी। यह प्रस्तुति ‘कंटेम्पररी’, शास्त्रीय और लोक नृत्य शैलियों के माध्यम से भारत की समृद्ध भक्ति परंपरा को मंच पर उतारेगी।
इस 75 मिनट की नृत्य-नाट्य प्रस्तुति का मंचन ‘द नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर’ (टीएनएमएसीसी) में किया जाएगा जिसमें दृश्यात्मक काव्यात्मकता, लय की तीव्रता और प्रभावशाली दृश्यों का सुंदर मेल देखने को मिलेगा। प्रस्तुति में दक्ष नर्तकों का समूह अपनी कला पेश करेगा, जिसे गायकों और संगीतकारों द्वारा तैयार किया गया संगीतमय वातावरण और प्रभावशाली बनाएगा।
‘भक्ति’ का सह-निर्देशन और कोरियोग्राफी ‘नृत्यारुत्य डांस कंपनी’ की मयूरी उपाध्याय और माधुरी उपाध्याय ने मिलकर किया है।
यह प्रस्तुति मीराबाई, कबीर, लल द्यद और अमीर खुसरो सहित 13 सूफी संतों और कवियों के दर्शन, जीवनानुभवों और कालजयी रचनाओं से प्रेरित है।
मयूरी ने एक बयान में कहा, “आध्यात्मिक उत्कर्ष और एकत्व-अर्थात एक होने की सार्वभौमिक खोज-भक्ति काव्य के मूल में है। हमने कोरियोग्राफी में इन मूल्यों को पिरोने का प्रयास किया है, क्योंकि हमारे लिए अपनी जड़ों से जुड़े रहना और नए आयामों की ओर उड़ान भरना, दोनों ही समान रूप से महत्वपूर्ण हैं।”
उन्होंने इस प्रस्तुति को बड़े पैमाने पर तैयार की गई शोधपरक कृति बताया, जो केवल सूफी विचारों की पड़ताल तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें ऐतिहासिक संदर्भ, नाट्य-विन्यास तथा शास्त्रीय और लोक शैलियों का भी समावेश किया गया है।
भाषा खारी रंजन
रंजन