भुवनेश्वर में सेवानिवृत्त लेखा अधिकारी ने पत्नी की हत्या कर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया
भुवनेश्वर में सेवानिवृत्त लेखा अधिकारी ने पत्नी की हत्या कर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया
भुवनेश्वर, आठ अप्रैल (भाषा) ओडिशा में एक सेवानिवृत्त लेखा अधिकारी ने बुधवार को अपनी पत्नी की कथित तौर पर हत्या कर दी और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृत महिला की पहचान 54 वर्षीय प्रियंबदा सारंगी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उनका 62 वर्षीय पति देबराज सारंगी है। यह घटना एयरफील्ड थाना क्षेत्र के स्वस्ति नगर में हुई।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, देबराज मधुमेह, उच्च रक्तचाप और किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित था तथा मानसिक तनाव में था।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “उसे आत्महत्या के विचार आते थे और वह कभी-कभी घर छोड़ने के बारे में भी सोचता था।”
अधिकारी ने बताया कि इन कारणों से उसका पत्नी के साथ विवाद होता रहता था। उन्होंने कहा कि बुधवार सुबह दोनों के बीच तीखी बहस के बाद देबराज ने चाकू से पत्नी की हत्या कर दी और करीब 11:45 बजे थाने में आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया।
देबराज की बेटी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और बताया कि उसके पिता ने दिन में उसे कुछ गहने और पैसे दिए थे, लेकिन उसे घटना की जानकारी नहीं थी। पुलिस से सूचना मिलने के बाद उसे मामले का पता लगा।
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश

Facebook


