नयी दिल्ली, 29 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ग्रेट निकोबार परियोजना का हवाला देते हुए बुधवार को आरोप लगाया कि इस क्षेत्र में जो हो रहा है वह आदिवासी विरासत के खिलाफ गंभीर अपराध तथा सबसे बड़ा घोटाला है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने मंगलवार को निकोबार का दौरा किया था और स्थानीय लोगों से मुलाकात की थी।
उन्होंने बुधवार को ‘एक्स’ पर एक वीडियो पोस्ट किया, ‘‘मैंने ग्रेट निकोबार की यात्रा की। मैंने अपने जीवन में ऐसे असाधारण जंगल नहीं देखे हैं। यहां बहुत पुराने पेड़ हैं, इस जंगल को विकसित होने में पीढ़ियां लग गईं।’’
उन्होंने कहा कि इस द्वीप के लोग शानदार हैं लेकिन उनसे वह छीना जा रहा है जिन पर उनका असली हक है।
कांग्रेस नेता ने दावा किया, ‘‘सरकार यहां जो कर रही है उसे ‘‘प्रोजेक्ट’’ का नाम देती है। मैंने जो देखा वह कोई प्रोजेक्ट नहीं है। यहां लाखों पेड़ों को काटने के लिए चिह्नित किया गया है। यह 160 वर्ग किलोमीटर वर्षा वन है जिसे खत्म होने के लिए अभिशप्त कर दिया गया है। यहां स्थानीय समुदाय की उपेक्षा की गई है और उनके घर छीन लिए गए हैं।’’
राहुल ने कहा कि यह विकास नहीं है, बल्कि विकास के नाम पर विनाश है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘इसलिए मैं स्पष्ट रूप से कहूंगा कि ग्रेट निकोबार में जो किया जा रहा है वह हमारे जीवनकाल में इस देश की प्राकृतिक और आदिवासी विरासत के खिलाफ गंभीर अपराधों में से एक और सबसे बड़ा घोटाला है।’’
राहुल ने कहा, ‘‘इसे रोका जाना चाहिए। मैंने यहां जो देखा है अगर उसे सभी भारतीय देखना चाहते हैं तो इसे रोका जाना चाहिए।’’
भाषा हक गोला
गोला