बिहार: संसदीय समिति के 19 सदस्यीय दल ने नालंदा विश्वविद्यालय का किया दौरा
बिहार: संसदीय समिति के 19 सदस्यीय दल ने नालंदा विश्वविद्यालय का किया दौरा
बिहारशरीफ, 25 अगस्त (भाषा) संसदीय परिवहन, पर्यटन एवं संस्कृति संबंधी स्थायी समिति के 19 सदस्यीय दल ने मंगलवार को अध्ययन दौरे के तहत नालंदा विश्वविद्यालय का दौरा किया।
समिति के अध्यक्ष एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय के बुनियादी ढांचे, शिक्षा व्यवस्था, पर्यावरण-अनुकूल परिसर और भविष्य की विस्तार योजनाओं की समीक्षा की।
झा ने कहा, ‘‘समिति ने गया जी के विष्णुपद मंदिर से नालंदा और राजगीर तक पर्यटन गलियारा विकसित करने के प्रस्ताव पर चर्चा की। इससे गया आने वाले पर्यटकों को राजगीर और नालंदा तक लाने में मदद मिलेगी तथा क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि कश्मीर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल और देश के अन्य हिस्सों से आए सांसदों ने नालंदा की ‘‘पुनर्जीवित विरासत’’ को देखा तथा विश्वविद्यालय को शिक्षा एवं अनुसंधान के उभरते वैश्विक केंद्र के रूप में देखा।
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि नालंदा केवल बिहार की पहचान नहीं बल्कि भारत की ज्ञान परंपरा का प्रतीक है।
उन्होंने कहा, ‘‘आधुनिक नालंदा को दुनिया भर के विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं से जोड़ने तथा स्थानीय युवाओं के लिए अधिक अवसर सृजित करने से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों एवं रोजगार को बढ़ावा मिल सकता है।’’
नालंदा विश्वविद्यालय के कुलपति सचिन चतुर्वेदी के अनुसार, सांसदों ने प्रस्तावित नालंदा विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक, विदेशी विद्यार्थियों के साथ बिहार के विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने तथा विश्वविद्यालय को बौद्ध पर्यटन परिपथ से अधिक प्रभावी ढंग से जोड़ने जैसे विषयों पर भी चर्चा की।
भाषा सं कैलाश जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


