सेप्टिक टैंक में दो श्रमिकों की मौत पर आयोग का बिहार सरकार, मुजफ्फरपुर एसएसपी को नोटिस
सेप्टिक टैंक में दो श्रमिकों की मौत पर आयोग का बिहार सरकार, मुजफ्फरपुर एसएसपी को नोटिस
नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने बुधवार को कहा कि एक सेप्टिक टैंक के अंदर कथित तौर पर दम घुटने से दो श्रमिकों की मौत की खबरों के संबंध में उसने बिहार सरकार और मुजफ्फरपुर जिला प्राधिकारियों को नोटिस जारी किया है।
मानवाधिकार आयोग ने कहा कि यह घटना कथित तौर पर मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर इलाके में 14 सितंबर को हुई थी। आयोग ने मीडिया की एक खबर का ‘स्वतः संज्ञान लिया है।’
आयोग ने कहा कि मीडिया की खबर की बातें यदि सही हैं, तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन के गंभीर मुद्दे को उठाती हैं। आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव, जिला मजिस्ट्रेट और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को नोटिस जारी करके दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
बयान के अनुसार, रिपोर्ट में जांच की स्थिति और मृत श्रमिकों के परिजनों को दी गई किसी भी सहायता (मुआवजे) का विवरण शामिल होना चाहिए।
पंद्रह सितंबर को प्रकाशित मीडिया की एक खबर के अनुसार, जब यह घटना हुई तब श्रमिक सेप्टिक टैंक से शटरिंग हटा रहे थे। इसके अनुसार, यह पता लगाने के लिए मामले की जांच की जा रही है कि क्या सुरक्षा प्रोटोकॉल का कोई उल्लंघन हुआ था।
भाषा अमित सुरेश
सुरेश

Facebook


