मोदी के जन्मदिन पर गुजरात में प्रज्ज्वलित किए जाएंगे 88 लाख से अधिक दीये

मोदी के जन्मदिन पर गुजरात में प्रज्ज्वलित किए जाएंगे 88 लाख से अधिक दीये

मोदी के जन्मदिन पर गुजरात में प्रज्ज्वलित किए जाएंगे 88 लाख से अधिक दीये
Modified Date: September 16, 2026 / 10:50 pm IST
Published Date: September 16, 2026 10:50 pm IST

अहमदाबाद, 16 सितंबर (भाषा) गुजरात में 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन और निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 18,500 से अधिक स्थानों पर 88 लाख से ज्यादा मिट्टी के दीये प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके अलावा, वडनगर से वाराणसी तक बाइक रैली, मंदिरों में पूजा-अर्चना, आरती और कई अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

गुजरात सरकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से जारी विवरण के अनुसार, ‘आशीर्वाद नो दिवडो’ (आशीर्वाद का दीपक) कार्यक्रम शाम सात बजे राज्य के विभिन्न जिलों, नगर निगमों, नगरपालिकाओं और स्थानीय इकाइयों में आयोजित किया जाएगा। इससे पहले शाम छह बजे से भक्ति संगीत, सत्संग और सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे।

राज्य सरकार के प्रवक्ता एवं कैबिनेट मंत्री जीतू वाघाणी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 18,500 से अधिक स्थानों पर 88 लाख से ज्यादा मिट्टी के दीये प्रज्ज्वलित किए जाएंगे और उनके दीर्घायु होने एवं देश की निरंतर सेवा के लिए प्रार्थना की जाएगी।’’

भाजपा 17 सितंबर से सात अक्टूबर तक राज्यव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। सात अक्टूबर को मोदी के निर्वाचित जनप्रतिनिधि के तौर पर 25 वर्ष पूरे होंगे।

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बृहस्पतिवार सुबह प्रधानमंत्री के जन्मस्थान वडनगर से वाराणसी के लिए एक बाइक रैली रवाना होगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

मोदी सात अक्टूबर 2001 से 22 मई 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे थे। वह वर्तमान में वाराणसी लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल समेत कई नेता कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

भाजपा की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक, पार्टी नेता एवं लोकसभा सदस्य वीडी शर्मा ने गांधीनगर में एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि ‘वडनगर से वाराणसी’ और ‘वाराणसी से वडनगर’ तक बाइक रैलियों को 17 सितंबर को मोदी के जन्मदिन पर दोनों शहरों से एकसाथ रवाना किया जाएगा और सात अक्टूबर को इनका समापन होगा।

विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों रैलियां 10 राज्यों के 193 जिलों और करीब 1,159 गांवों से होकर लगभग 40,000 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी। करीब 1,000 युवा इनमें हिस्सा लेंगे। इनमें 500 प्रतिभागी 250 बाइक पर वडनगर से वाराणसी जाएंगे, जबकि 500 अन्य प्रतिभागी 250 बाइक पर विपरीत दिशा में यात्रा करेंगे।

दोनों दल अलग-अलग मार्गों से यात्रा करेंगे और यह अभियान सात अक्टूबर को समाप्त होगा।

भाजपा ने कहा कि इन रैलियों का उद्देश्य मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के संदेश को विभिन्न क्षेत्रों और समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचाना है।

गांधीनगर में मीडिया से बातचीत में वाघाणी ने कहा कि बृहस्पतिवार शाम राज्यभर में 18,500 से अधिक स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन स्थानों में मंदिर, झील, नदियां, सार्वजनिक चौक, प्रवेश द्वार, दुग्ध डेयरियां, प्रतिमाएं, यातायात चौराहे, टाउन हॉल, उद्यान और एपीएमसी बाजार समेत कई स्थान शामिल हैं।

नगर निगम क्षेत्रों में 17 बड़े शहर-स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें 2.76 लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। ‘भजन संध्या’ समेत 17 अन्य कार्यक्रमों में करीब 4.75 लाख लोगों के शामिल होने का अनुमान है।

राज्य के 17 नगर निगमों के 287 वार्डों में 12,481 स्थानों पर स्थानीय कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

नगरपालिकाओं में 152 बड़े शहर-स्तरीय कार्यक्रमों की योजना है, जिनमें 5.25 लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इसके अलावा 5,740 अन्य स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘भजन संध्या’ समेत 152 अन्य कार्यक्रमों में 5.75 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान है।

अमित शाह और मुख्यमंत्री पटेल शाम साढ़े पांच बजे अहमदाबाद के जमालपुर क्षेत्र स्थित जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे कांकरिया झील में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां 1.25 लाख दीये जलाए जाएंगे।

अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) ने बताया कि शाह, पटेल और महापौर हितेश बारोट जगन्नाथ मंदिर में 1,000 सफाईकर्मियों के साथ शाम की आरती में भी शामिल होंगे।

अहमदाबाद में अटल ब्रिज पर अलग से 76,000 दीये जलाए जाएंगे, जबकि ‘आशीर्वाद नो दिवडो’ कार्यक्रम के तहत सभी 48 वार्डों में 4.80 लाख दीये प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

नरेन्द्र मोदी मेडिकल कॉलेज, एसीवीपी अस्पताल, एएमसी एमईटी डेंटल कॉलेज, अटल ब्रिज-रिवरफ्रंट, नरेन्द्र मोदी स्टेडियम, मेट्रो परियोजना, बीआरटीएस, वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और खारीकट नहर समेत शहर की प्रमुख विकास परियोजनाओं पर भी दीप जलाए जाएंगे।

एएमसी ने कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी अपने घरों में स्वेच्छा से दीये जलाएंगे। गणपति पंडालों में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अहमदाबाद में 10 स्थानों पर रक्तदान शिविर और 14 स्थानों पर निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे।

खोखरा क्षेत्र स्थित मद्रासी मंदिर में रात साढ़े आठ बजे 5,000 दीयों के साथ विशेष ‘महाआरती’ की जाएगी।

पूरे गुजरात में भाजपा नेता और मंत्री निर्धारित स्थानों पर कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा बनासकांठा के अंबाजी माताजी मंदिर में दीपोत्सव में शामिल होंगे।

भाषा अमित पारुल

पारुल


लेखक के बारे में