मेघालय में यूडीपी के आठ विधायक भाजपा में शामिल होंगे: पार्टी नेता

मेघालय में यूडीपी के आठ विधायक भाजपा में शामिल होंगे: पार्टी नेता

मेघालय में यूडीपी के आठ विधायक भाजपा में शामिल होंगे: पार्टी नेता
Modified Date: September 16, 2026 / 10:35 pm IST
Published Date: September 16, 2026 10:35 pm IST

शिलांग, 16 सितंबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आश्वासन के बाद यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) के आठ विधायकों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने का फैसला किया है। दोनों दलों के नेताओं ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने दावा किया कि शाह ने इन विधायकों की कोयला खनन और खासी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने एवं अन्य मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया है।

यूडीपी वर्तमान में ‘नेशनल पीपुल्स पार्टी’ (एनपीपी) के नेतृत्व वाले ‘मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस’ का दूसरा सबसे बड़ा घटक है, जिसके पास 12 विधायक हैं। इनमें से दो विधायक कॉनराड के. संगमा के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री हैं।

यदि इसके आठ विधायक पाला बदलते हैं, तो इससे सत्तारूढ़ गठबंधन का स्वरूप काफी बदल जाएगा और 60 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा विधायकों की संख्या दो से बढ़कर 10 हो जाएगी।

इससे 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मंत्रियों के प्रतिनिधित्व और नीतिगत प्राथमिकताओं पर भाजपा का प्रभाव और बढ़ेगा।

संगमा के नेतृत्व वाली एनपीपी के पास 33 विधायक हैं जबकि उसकी सहयोगी पार्टी एचएसडीपी के दो सदस्य हैं और दो निर्दलीय विधायक सरकार का समर्थन कर रहे हैं। विधानसभा में सत्तारूढ़ ‘मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस’ (एमडीए) के सदस्यों की कुल संख्या 51 है।

विपक्ष की तरफ तृणमूल कांग्रेस के पांच विधायक हैं, जबकि ‘वॉयस ऑफ द पीपल पार्टी’ (वीपीपी) के चार विधायक हैं।

मेघालय में खलीहरियात क्षेत्र के विधायक कर्मेन शिल्ला ने बुधवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि यह फैसला शाह और असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के साथ हुई बैठकों के बाद लिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने भाजपा नेतृत्व को बता दिया है कि यूडीपी के आठ विधायकों ने पार्टी में शामिल होने का फ़ैसला पक्का कर लिया है।’

उन्होंने यह भी कहा कि यह संख्या नौ तक भी पहुंच सकती है।

भाजपा की प्रदेश इकाई के वरिष्ठ नेता एएल हेक ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यूडीपी के विधायकों का पार्टी में शामिल होना तय है।

प्रचेता राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में