बिहार जहरीली शराब हादसा: एक और व्यक्ति की मौत, मरने वालों की संख्या छह हुई
बिहार जहरीली शराब हादसा: एक और व्यक्ति की मौत, मरने वालों की संख्या छह हुई
मोतिहारी, चार अप्रैल (भाषा) बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में नकली शराब पीने से एक और व्यक्ति की मौत हो गई, जिसके बाद जहरीली शराब हादसे में मरने वालों की संख्या शनिवार को बढ़कर छह हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इस घटना में पहली मौत बृहस्पतिवार को हुई थी।
जिला मजिस्ट्रेट सौरभ जोरवाल ने बताया कि मोतिहारी के तुरकौलिया और रघुनाथपुर इलाकों में हुई मौतों के सिलसिले में कम से कम 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मृतकों के परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने यह भी बताया कि कम से कम चार लोग अब भी अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि सात लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।
जिला अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों के सटीक कारणों का पता चल सकेगा।’
तुरकौलिया पुलिस थाने के प्रभारी को कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में पहले ही निलंबित कर दिया गया है। घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच से पता चला है कि पीड़ित ने रघुनाथपुर इलाके में अवैध शराब का सेवन किया था।
जिलाधिकारी ने शनिवार को बताया, “पुलिस ने शराब आपूर्तिकर्ता की पहचान कर ली है। जिला पुलिस और शराब विरोधी कार्य बल (एएलटीएफ) की एक टीम परसौनी, मुशहरी टोला और तुरकौलिया में तलाशी अभियान चला रही है। घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।”
इन मौतों के कारण राज्य में राजनीतिक खींचतान शुरू हो गई है, जहां 2016 से शराब की बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध लगा हुआ है।
भाषा तान्या माधव रंजन
रंजन

Facebook


