बिहार चुनाव: भाजपा ने राजग के प्रदर्शन की सराहना की

बिहार चुनाव: भाजपा ने राजग के प्रदर्शन की सराहना की

बिहार चुनाव: भाजपा ने राजग के प्रदर्शन की सराहना की
Modified Date: November 14, 2025 / 03:19 pm IST
Published Date: November 14, 2025 3:19 pm IST

नयी दिल्ली, 14 नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार विधानसभा चुनाव में राजग के प्रदर्शन की सराहना करते हुए शुक्रवार को कहा कि लोगों ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘‘विकास-केंद्रित’’ राजनीति में अपना भरोसा जताया है।

बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) राज्य की 243 विधानसभा सीट में से 180 से अधिक पर बढ़त हासिल करते हुए प्रचंड जीत की ओर बढ़ रहा है।

भाजपा सांसद एवं मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘राजग बिहार में भारी जीत की ओर बढ़ रहा है।’’

बलूनी ने बिहार में प्रधानमंत्री मोदी के चुनाव प्रचार का एक वीडियो फुटेज भी पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि राजग राज्य में अपनी अब तक की सबसे बड़ी चुनावी जीत दर्ज करेगा।

मोदी के इसी वीडियो क्लिप को साझा करते हुए भाजपा सांसद एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने ‘एक्स’ पर भोजपुरी में लिखा, ‘‘बिहार में बंपर जीत हो गईल, जोड़ी मोदी-नीतीश जी के हिट हो गईल’’।

चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के रुझानों के बीच भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी पार्टी ने उनके नेतृत्व में न केवल अपनी विरासत खो दी है, बल्कि विश्वसनीयता भी खो दी है।

भाटिया ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘नेहरूजी की जयंती पर राहुल का कांग्रेस को तोहफा: बार-बार 95 हार! विरासत भी गई, विश्वसनीयता भी चली गई!’’

राज्य विधाानसभा चुनाव में राजग के प्रदर्शन की सराहना करते हुए भाजपा के एक अन्य राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि बिहार के लोगों ने एक बार फिर मोदी की विकास-केंद्रित राजनीति में अपना विश्वास जताया है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘लोग भी विकास की इस यात्रा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना चाहते हैं। इसीलिए उन्होंने राजग को चुना है।’’

भाजपा आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘इस समय मतगणना में लालू के दोनों बेटे पीछे चल रहे हैं।’’

भाषा देवेंद्र मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में