बिहार: सड़क किनारे गड्ढे में गिरी कार, इंजीनियरिंग के तीन विद्यार्थियों की मौत
बिहार: सड़क किनारे गड्ढे में गिरी कार, इंजीनियरिंग के तीन विद्यार्थियों की मौत
बिहारशरीफ, 20 मार्च (भाषा) बिहार के नालंदा जिले में बृहस्पतिवार को तेज रफ्तार एक कार के अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिरने से इंजीनियरिंग के तीन विद्यार्थियों की मौत हो गई जबकि दो अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा चंडी थानाक्षेत्र के सालेहपुर मोड़ और गौढ़ापुर के बीच हुआ।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान नालंदा इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र आशीष कुमार, राहुल कुमार और उत्सव सिंह के रूप में हुई जबकि शशिकांत और धीरज कश्यप का इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चंडी की ओर से तेज गति से आ रही थी और गौढ़ापुर के पास पहुंचते ही चालक का वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद गाड़ी सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी।
उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को कार से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए चंडी अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने बताया कि चिकित्सकों ने आशीष कुमार और राहुल कुमार को मृत घोषित कर दिया जबकि उत्सव ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
चंडी थाना अध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया, “प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना प्रतीत होता है।”
उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
भाषा कैलाश जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


