पाठ्यपुस्तक विवाद:मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर बीजद की छात्र इकाई विधानसभा का घेराव करेगी

Ads

पाठ्यपुस्तक विवाद:मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर बीजद की छात्र इकाई विधानसभा का घेराव करेगी

  •  
  • Publish Date - September 20, 2026 / 07:52 PM IST,
    Updated On - September 20, 2026 / 07:52 PM IST

भुवनेश्वर, 20 सितंबर (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) की युवा और छात्र इकाइयों ने स्कूल की पाठ्यपुस्तकों में त्रुटियों को लेकर स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड के इस्तीफे की मांग करते हुए 22 सितंबर को ओडिशा विधानसभा का घेराव करने की रविवार को घोषणा की।

बीजू युवा जनता दल की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष चिन्मय साहू और बीजू छात्र जनता दल की प्रदेश इकाई की अध्यक्ष इप्सिता साहू ने त्रुटिपूर्ण पाठ्यपुस्तकों के मुद्दे पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में गलतियों का पता चलने के चार महीने बाद भी त्रुटिरहित पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध नहीं कराने को लेकर ओडिशा सरकार पर जमकर निशाना साधा।

चिन्मय ने कहा, ‘‘अगर स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड 22 सितंबर तक इस्तीफा नहीं देते हैं, तो युवा और छात्र बीजद 22 सितंबर से विधानसभा के सामने दिन-रात अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। हम राज्यभर के युवाओं और छात्रों से इस आंदोलन में शामिल होने की अपील करते हैं।’’

उन्होंने सामाजिक संगठनों, अभिभावकों, बुद्धिजीवियों और वरिष्ठ नागरिकों से भी समर्थन देने की अपील की।

बीजद के दोनों नेताओं ने कहा कि पहली से आठवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए निर्धारित पाठ्यपुस्तकों में गंभीर त्रुटियां हैं, इसके बावजूद राज्य सरकार ने उन्हें वापस नहीं लिया।

उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में छात्रों की परीक्षाएं होने वाली हैं।

नेताओं ने सवाल किया, ‘‘त्रुटिपूर्ण पाठ्यपुस्तकों से पढ़ाई करने के बाद छात्र परीक्षा कैसे देंगे?’’

बीजद ने आरोप लगाया कि पाठ्यपुस्तकों में गलतियों की पूरी जानकारी होने के बावजूद राज्य सरकार ने छात्रों के बीच कई त्रुटियों वाली किताबें वितरित कीं।

युवा और छात्र इकाइयों ने आरोप लगाया कि नयी पाठ्यपुस्तकों के प्रकाशन का ठेका केंद्र सरकार से जुड़े भाजपा के एक प्रभावशाली नेता को दिया गया।

बीजद ने आरोप लगाया, ‘‘पाठ्यपुस्तकों के प्रकाशन में 380 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। संबंधित मंत्री नित्यानंद गोंड भी इस भ्रष्टाचार में शामिल हैं।’’

इस बीच, गोंड ने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही त्रुटिरहित पाठ्यपुस्तकों का वितरण सुनिश्चित करने के लिए कदम उठा रही है।

उन्होंने कहा कि फिलहाल किताबों की प्रूफरीडिंग का काम चल रहा है।

मंत्री ने कहा कि सरकार इस प्रक्रिया पर करीबी नजर रख रही है और जल्द से जल्द संशोधित एवं त्रुटिरहित पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराने की व्यवस्था कर रही है।

भाषा जितेंद्र पारुल

पारुल