ठाणे, 20 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे शहर में साइबर ठगों ने एक आईटी पेशेवर का मोबाइल फोन हैक करके उसके खाते से कथित तौर पर 2.99 लाख रुपये निकाल लिए। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि कथित घटना के सिलसिले में अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारी ने धवल आनंद मुंडाडा की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर बताया कि यह अपराध 21 से 28 अगस्त के बीच हुआ, जब साइबर अपराधियों ने धवल के स्मार्टफोन तक दूर से ही अनधिकृत रूप से पहुंच हासिल कर ली।
कलवा पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया, “इसके बाद आरोपियों ने धोखाधड़ी करके 2,99,310 रुपये दूसरे बैंक खातों में अंतरित कर दिए। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले को सुलझाने और दोषियों को पकड़ने की कोशिशें जारी हैं।”
भाषा पारुल नरेश
नरेश