भाजपा ने केजरीवाल, भगवंत मान और उनकी पत्नी पर गिरोह चलाने का आरोप लगाया
भाजपा ने केजरीवाल, भगवंत मान और उनकी पत्नी पर गिरोह चलाने का आरोप लगाया
नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनकी पत्नी पर राज्य में बिचौलियों के माध्यम से एक कथित भ्रष्टाचार गिरोह चलाने का आरोप लगाया है।
भाजपा ने आरोप लगाया कि इस गिरोह के जरिए पांच करोड़ रुपये तक की रिश्वत के बदले दुष्कर्म के मामलों को रफा-दफा किया जा रहा है। पार्टी ने इसे ‘आप का लूट मॉडल’ करार दिया है।
इन दावों पर ‘आप’ की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
ये आरोप राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) द्वारा उस शिकायत की जांच के आदेश की पृष्ठभूमि में आए हैं, जिसमें आरोप लगाया गया है कि मान की पत्नी गुरप्रीत कौर ने दुष्कर्म के एक मामले को रफा-दफा करने के लिए कथित तौर पर पांच करोड़ रुपये की मांग की थी।
एनएचआरसी ने 21 अगस्त को पंजाब के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को इन आरोपों की जांच करने तथा दो सप्ताह के भीतर मामले में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट (एटीआर) सौंपने का निर्देश दिया था।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कथित बिचौलियों की कथित ‘ऑडियो रिकॉर्डिंग’ जारी की और अन्य सबूतों का हवाला दिया। उन्होंने दावा किया कि इसमें मुख्यमंत्री मान, उनकी पत्नी और अरविंद केजरीवाल शामिल हैं, जिन्हें उन्होंने पंजाब का ‘सुपर सीएम’ बताया।
भंडारी ने आरोप लगाया, ‘जो ऑडियो रिकॉर्डिंग हम आपको सुनाने जा रहे हैं और जो सबूत हमारे सामने आए हैं, वे इस बात की ओर इशारा करते हैं कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान लूट और भ्रष्टाचार का एक नया गिरोह चला रहे हैं।’
उन्होंने कहा, ‘आरोप हैं कि इस भ्रष्टाचार गिरोह के जरिए भगवंत मान और उनकी पत्नी बिचौलियों के माध्यम से बलात्कार के वास्तविक मामलों को रफा-दफा कराने के लिए पांच करोड़ रुपये तक की रिश्वत मांग रहे हैं।’
भंडारी ने आरोप लगाया, ‘मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी ने पंजाब में बिचौलियों को तैनात किया हुआ है। इनके निर्देश पर इन बिचौलियों ने भ्रष्टाचार का एक नया मॉडल तैयार किया है, जिसे हम आम आदमी पार्टी का ‘लूट मॉडल’ कहते हैं। इसके तहत ये बलात्कार के मामलों को रफा-दफा करने के लिए पांच करोड़ रुपये की रिश्वत ले रहे हैं।’
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश

Facebook


