नयी दिल्ली, 27 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को एक वेबसाइट का हवाला देते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर युवाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया। यह वेबसाइट उनके ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के दौरान दिए गए बयानों की सच्चाई की जांच (फैक्ट-चेक) करने का दावा करती है। पार्टी ने कहा कि अब उनके ‘झूठ’ का जवाब तथ्यों के साथ दिया जाएगा।
पार्टी ने गांधी पर जोरदार हमला करने के लिए अपने कई प्रवक्ताओं को मैदान में उतारा है। उन्होंने कहा कि गांधी की बातें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति ‘निराशा और ईर्ष्या’ से प्रेरित हैं।
उन्होंने ‘झूठ की गूंज’ नामक वेबसाइट को गांधी के अभियान के लिए ‘बड़ी चुनौती’ बताया और ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट में इसका लिंक भी साझा किया।
भाजपा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि गांधी ‘झूठ के ध्वजवाहक’ हैं और आरोप लगाया कि उनके बयान मोदी के प्रति निराशा और ईर्ष्या से प्रेरित हैं।
त्रिवेदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रति निराशा और ईर्ष्या से भरे झूठ के ध्वजवाहक राहुल गांधी चाहे कितना भी झूठ फैलाते रहें, अब हर असत्य का पर्दाफाश तथ्यों के जरिए किया जा रहा है। ‘झूठ की गूंज’ वेबसाइट गांधी के दावों की सच्चाई को एक-एक करके सामने ला रही है।’’
पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख और मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी ने कहा कि गांधी के दावों का अब तथ्यों के साथ जवाब दिया जाएगा।
बलूनी ने कहा, ‘‘राहुल गांधी झूठ बोलते रहें, कोई समस्या नहीं… अब हर झूठ का जवाब तथ्यों के साथ दिया जाएगा। जितनी तेजी से दुष्प्रचार की गूंज सुनाई देगी, उतनी ही जोरदार तरीके से उसके जवाब में सच सामने आएगा।’’
पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी और प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि युवाओं ने गांधी के ‘झूठे विमर्श’ के जवाब में यह वेबसाइट शुरू की है।
भंडारी ने कहा कि गांधी ने अपने पिछले चार कार्यक्रमों में 40 दावे किए थे और युवा कह रहे हैं कि ये सभी 40 दावे या तो झूठ हैं या फिर गुमराह करने वाले हैं।
उच्चतम न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता महेश जेठमलानी ने दावा किया कि वेबसाइट ने गांधी द्वारा चार रैलियों में किए गये 40 दावों की 134 स्रोत से जांच की जिनमें से 29 गलत और 11 गुमराह करने वाले पाए गए।
भाषा संतोष माधव
माधव