नयी दिल्ली/तिरुवनंतपुरम, 27 अगस्त (भाषा) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की वरिष्ठ नेता एनी राजा ने बृहस्पतिवार को केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन से आग्रह किया कि संसद द्वारा 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर राज्य विधानसभा में प्रस्ताव पारित कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
इस कानून के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है।
एनी राजा ने कहा कि भाकपा महिला शाखा ‘नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन वीमेन’ ने 25 मई को सतीशन के नई दिल्ली दौरे के दौरान उन्हें एक ज्ञापन सौंपा था। इसमें केरल विधानसभा से महिला आरक्षण के मुद्दे पर प्रस्ताव पारित कराने की मांग की गई थी।
उन्होंने कहा कि ज्ञापन में कानून के क्रियान्वयन से जुड़ी दो शर्तों जनगणना और परिसीमन को हटाने की मांग की गई थी, ताकि महिलाओं के लिए आरक्षण तत्काल लागू किया जा सके।
एनी राजा का कहना था, “सतीशन ने उन्हें आश्वासन दिया था कि आवश्यक कदम जल्द उठाए जाएंगे, लेकिन 100 दिन बीत जाने के बावजूद कुछ नहीं हुआ।”
उन्होंने कहा कि केरल विधानसभा का इस तरह के प्रस्ताव पारित करने का पुराना इतिहास रहा है।
भाकपा नेता ने इस बात पर निराशा जताई कि सत्ता में आए 100 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद नई यूडीएफ सरकार ने इस मुद्दे पर कोई पहल नहीं की।
उन्होंने इस बात का उल्लेख किया कि तमिलनाडु विधानसभा पहले ही इस संबंध में प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेज चुकी है।
भाषा हक
हक नरेश
नरेश