नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब में अधिकारियों के तबादले और पदस्थापना में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान से निष्पक्ष जांच का रास्ता साफ करने के लिए तत्काल पद से इस्तीफा देने की बुधवार को मांग की।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि मान के इशारे पर पंजाब में ‘‘तबादले के लिए नकदी’’ का घोटाला चल रहा है।
भाजपा के इस आरोप पर पंजाब सरकार या सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
भाटिया ने आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद पंजाब पुलिस मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं कर रही है ताकि इसमें शामिल लोगों को बचाया जा सके। उन्होंने आरोपों की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की।
भाटिया ने कहा, ‘‘पंजाब में तबादला-पदस्थापना घोटाला चल रहा है। वरिष्ठ आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के तबादले और पदस्थापना एक रेट कार्ड के अनुसार किए जाते हैं। मामले में प्रवर्तन निदेशालय की जांच के दौरान ये तथ्य सामने आए हैं।’’ उन्होंने घोटाले में मान के ओएसडी (विशेष कार्य अधिकारी) के शामिल होने का भी आरोप लगाया।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘क्या कोई ओएसडी 20 से अधिक आईएएस और आईपीएस अधिकारियों का तबादला-पदस्थापना कर सकता है और वह भी मुख्यमंत्री भगवंत मान की जानकारी के बिना? यह असंभव है। मुख्यमंत्री की अनुमति के बिना ऐसा नहीं हो सकता।’’
भाटिया ने कहा, ‘‘हम मांग करते हैं कि भगवंत मान तत्काल मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दें। भगवंत मान के इस्तीफे के बाद ही इस मामले की निष्पक्ष जांच संभव है।’’ उन्होंने आरोपों की सीबीआई जांच की भी मांग की।
भाषा अमित पवनेश
पवनेश