शेनझेन, दो सितंबर (भाषा) लक्ष्य सेन बुधवार को चीन मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के पहले दौर में लचर प्रदर्शन के बाद बाहर हो गए जबकि किदांबी श्रीकांत और तन्वी शर्मा ने सीधे गेम में जीत दर्ज करके पुरुष और महिला एकल के दूसरे दौर में प्रवेश किया।
विश्व चैंपियनशिप 2021 के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य ने लगातार गलतियां की और विश्व में नौवें नंबर के खिलाड़ी कनाडा के विक्टर लाई से 38 मिनट में 14-21 7-21 से हार गए। लाई ने पिछले महीने विश्व चैंपियनशिप में अपना दूसरा कांस्य पदक जीता था।
यह लक्ष्य की कनाडाई खिलाड़ी के हाथों तीसरी हार थी। उन्होंने लाई के खिलाफ एकमात्र जीत इसी साल मार्च में ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में हासिल की थी।
भारत के अनुभवी खिलाड़ी श्रीकांत ने हालांकि पुरुष एकल के एक अन्य मैच में चीनी ताइपे के ची यू जेन को 21-16 21-15 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई।
विश्व चैंपियनशिप 2021 के रजत पदक विजेता और दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी श्रीकांत अगले दौर में लाई से भिड़ेंगे।
पिछले महीने ताइपे ओपन में अपना पहला बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर खिताब जीतने वाली तन्वी ने डेनमार्क की अमाली शुल्ज को 21-16, 21-17 से हराकर महिला एकल के दूसरे दौर में प्रवेश किया।
पंजाब की 17 वर्षीय तन्वी ने पिछले साल गुवाहाटी में जूनियर विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। अगले दौर में उनका सामना जापान की टोमोका मियाजाकी से होगा।
विश्व चैंपियनशिप के दो बार के कांस्य पदक विजेता सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने भी जुनैदी आरिफ और कांग खाई शिंग की मलेशिया की जोड़ी को 21-11, 21-16 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता इस जोड़ी का अगला मुकाबला फ्रांस के पोपोव बंधुओं क्रिस्टो और टोमा जूनियर से होगा।
ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो की भारत की मिश्रित युगल जोड़ी ने भी थाईलैंड के टोन्नाकोर्न साएहेंग और टोनिचा साएहेंग को 21-8 21-9 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
अगले दौर में इस भारतीय जोड़ी का सामना चीनी ताइपे के लियू कुआंग हेंग और सू यिन हुई से होगा।
हालांकि देविका सिहाग को बुल्गारिया की कालोयाना नालबांतोवा ने 21-18, 21-15 से हराकर उनका अभियान समाप्त कर दिया।
मिश्रित युगल में रोहन कपूर और रुत्विका गड्डे की जोड़ी भी शुरुआती बाधा पार नहीं कर सकी। उन्हें चीनी ताइपे की वू गुआन शुन और ली चिया शिन की जोड़ी के हाथों 16-21, 18-21 से हार का सामना करना पड़ा।
लक्ष्य के लिए पिछले कुछ सप्ताह मुश्किल भरे रहे हैं। वह नयी दिल्ली में खेली गई विश्व चैंपियनशिप में भी जल्दी बाहर हो गए थे।
लाई के खिलाफ बुधवार को यहां उन्हें शुरू से ही संघर्ष करना पड़ा और उन्होंने लगातार कई गलतियां की जिसका कनाडा के खिलाड़ी ने पूरा फायदा उठाया।
पहले गेम में लक्ष्य ने 4-0 से शुरुआती बढ़त बना ली थी, लेकिन लाई ने जल्द ही नियंत्रण हासिल कर लिया। उन्होंने लक्ष्य को लय हासिल नहीं करने दी और आसानी से पहला गेम अपने नाम कर दिया।
लक्ष्य दूसरे गेम में भी किसी भी समय लय में नहीं दिखे और उनकी निराशा बढ़ती गई क्योंकि लाई लगातार दबाव बनाए रखकर उन्हें गलतियां करने के लिए मजबूर करते रहे। लक्ष्य इंटरवल तक 4-11 से पीछे थे और वापसी करने में नाकाम रहे, जिससे कनाडाई खिलाड़ी ने बिना किसी परेशानी के मैच अपने नाम कर लिया।
भाषा
सुधीर नमिता
नमिता