टीवीके सरकार हकीकत से परे, ‘सिनेमा’ जैसी : एएमएमके प्रमुख दिनाकरण

Ads

टीवीके सरकार हकीकत से परे, 'सिनेमा' जैसी : एएमएमके प्रमुख दिनाकरण

  •  
  • Publish Date - September 2, 2026 / 04:11 PM IST,
    Updated On - September 2, 2026 / 04:11 PM IST

मदुरै (तमिलनाडु), दो सितंबर (भाषा) अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम (एएमएमके) के महासचिव टीटीवी दिनाकरण ने बुधवार को तमिल वेत्री कषगम (टीवीके) के शासन को हकीकत से परे, एक ‘सिनेमा’ देखने जैसा करार दिया।

यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दिनाकरण ने सी जोसेफ के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ दल की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि गुमनाम चेहरों को चुनावी मैदान में उतारने के बावजूद, इस पार्टी ने युवाओं को इंस्टाग्राम रील और फिल्मी चमक-दमक के दम पर लुभाया और इसी तरह विधानसभा में 108 सीटें हासिल की।

उन्होंने कहा, ‘यह शासन बिल्कुल सिनेमा देखने जैसा है। हकीकत और इस सरकार के कामकाज के बीच कोई संबंध नहीं है।’

दिनाकरण ने नवनिर्वाचित विधायकों और मंत्रियों की क्षमताओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें तमिल भाषा और सामान्य गणित का बुनियादी ज्ञान तक नहीं है।

उन्होंने ऐसे कुछ वाकयों का जिक्र किया जहां टीवीके विधायक आसान संख्याओं को गलत पढ़ रहे थे और मिलीलीटर को मिलीमीटर समझकर भ्रमित हो रहे थे।

मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए दिनाकरण ने दावा किया कि विजय ने विधानसभा में ‘‘100 दिनों का मौन’’ साधे रखा और वे लिखित बयानों को पढ़ने में भी संघर्ष करते दिखे।

उन्होंने मुख्यमंत्री पर सरकार को फिल्म की शूटिंग समय-सारणी की तरह चलाने का आरोप लगाया।

दिनाकरण ने कहा कि चुनाव से पहले 2,500 रुपये की वित्तीय सहायता, छह गैस सिलेंडर और किसानों की कर्ज माफी जैसे झूठे वादे किए गए, जिसके कारण अब इस गैर-अनुभवी प्रशासन को समझ नहीं आ रहा है कि कामकाज कैसे संभाला जाए।

भाषा सुमित मनीषा

मनीषा