कोलकाता, तीन अगस्त (भाषा) नेताजी सुभाष चंद्र बोस के परपोते चंद्र कुमार बोस ने सोमवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से इस्तीफा दे दिया और कहा कि मुख्यधारा की राजनीतिक पार्टियों से उनका मोहभंग हो गया है।
उन्होंने कहा कि उन्हें सत्तारूढ़ भाजपा तथा ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी की राजनीति में कोई अंतर नजर नहीं आता।
बोस ने करीब चार महीने पहले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पूर्व टीएमसी का दामन थामा था।
इससे पहले उन्होंने भाजपा में शामिल होने के अपने फैसले को ‘गलती’ बताया था।
वह भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भी रह चुक हैं।
बोस लगातार कहते रहे हैं कि उनकी राजनीति किसी पार्टी नहीं, बल्कि नेताजी की विचारधारा पर आधारित है।
बोस ने कहा कि अब वह युवाओं के नेतृत्व वाले एक प्रस्तावित राजनीतिक संगठन का मार्गदर्शन करेंगे, जो नेताजी के आदर्शों से प्रेरित होगा और ध्रुवीकरण तथा टकराव की राजनीति का विकल्प पेश करेगा।
बोस ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “मैं फॉरवर्ड ब्लॉक, भाजपा और तृणमूल कांग्रेस में रह चुका हूं। मुख्यधारा की राजनीतिक पार्टियों से मेरा मोहभंग हो गया है। ये सभी एक जैसी हैं, एक ही सिक्के की दो पहलू हैं।”
भाषा जोहेब जितेंद्र
जितेंद्र