भाजपा ने पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम, रेजीनगर सीट पर उपचुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किए

भाजपा ने पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम, रेजीनगर सीट पर उपचुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किए

भाजपा ने पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम, रेजीनगर सीट पर उपचुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किए
Modified Date: September 15, 2026 / 11:52 am IST
Published Date: September 15, 2026 11:52 am IST

कोलकाता, 15 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल में छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट से क्रमशः हसिरानी रथ और सखाराव सरकार को मंगलवार को अपना उम्मीदवार घोषित किया।

रथ, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पूर्व निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मां हैं। इस साल मई में पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को हराकर भाजपा के सत्ता में आने के कुछ ही दिन बाद चंद्रनाथ रथ की हत्या कर दी गई थी।

वहीं, सरकार मुर्शिदाबाद जिले के पूर्व भाजपा अध्यक्ष और पार्टी की प्रदेश समिति के सदस्य हैं।

पूर्वी मेदिनीपुर जिले की नंदीग्राम सीट शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी जिन्होंने 2026 के विधानसभा चुनाव में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों से जीत के बाद भवानीपुर सीट अपने पास रखी थी।

मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर विधानसभा सीट आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के संस्थापक हुमायूं कबीर ने खाली की थी। उन्होंने नौदा से भी जीत हासिल की थी।

एक दिन पहले ही ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस के बागी गुट द्वारा इन दो सीट के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं।

ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) गुट ने नंदीग्राम से संचिता प्रधान डे और रेजीनगर से पूर्व विधायक रबीउल आलम चौधरी को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, बागी धड़े ने दोनों सीटों से क्रमश: मोहम्मद एतेशामुल हक और सफीउज्जमां शेख को मैदान में उतारा है।

कांग्रेस और वाम मोर्चे ने भी दोनों सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।

दोनों सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान छह अक्टूबर को होगा, जबकि मतगणना नौ अक्टूबर को की जाएगी।

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में