भाजपा ने रायगड़ा में बॉक्साइट खनन का विरोध कर रहे आदिवासियों को ‘न्याय’ का आश्वासन दिया

Ads

भाजपा ने रायगड़ा में बॉक्साइट खनन का विरोध कर रहे आदिवासियों को ‘न्याय’ का आश्वासन दिया

  •  
  • Publish Date - April 16, 2026 / 04:14 PM IST,
    Updated On - April 16, 2026 / 04:14 PM IST

भुवनेश्वर, 16 अप्रैल (भाषा) ओडिशा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने रायगड़ा जिले के सिजीमाली क्षेत्र का दौरा किया है, जहां आदिवासी बॉक्साइट खनन का विरोध कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।

भाजपा की ओडिशा इकाई ने एक बयान में कहा कि नबरंगपुर के सांसद बलभद्र माझी के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल संघर्षग्रस्त कांतामाल गांव सहित सिजीमाली के अन्य इलाकों में पहुंचा और आंदोलनरत आदिवासियों से बातचीत की।

पुलिस के अनुसार, सात अप्रैल को जिले के काशीपुर क्षेत्र में सिजीमाली बॉक्साइट भंडार तक जाने वाली सड़क के निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच झड़प हो गई थी, जिसमें करीब 60 पुलिसकर्मी और कई ग्रामीण घायल हो गए थे।

भाजपा ने कहा, ‘‘किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। हमने स्थानीय निवासियों के साथ विस्तृत चर्चा की है।’’

बयान में कहा गया है कि जमीनी स्थिति का आकलन करते हुए और स्थानीय लोगों से प्रतिक्रिया लेते समय प्रतिनिधिमंडल को खनन मुद्दे पर ‘‘प्रशासन द्वारा काशीपुर निवासियों के उत्पीड़न’’ की जानकारी दी गई।

बयान में कहा गया कि स्थानीय लोगों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में ‘‘झूठे मुकदमे दर्ज करने और आधी रात को गर्भवती महिलाओं व बच्चों की गिरफ्तारी’’ के आरोप भी लगाए गए हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि सिजीमाली बॉक्साइट भंडार का खनन पट्टा 2023 में पिछली बीजू जनता दल (बीजद) सरकार के दौरान दिया गया था, जिस पर स्थानीय लोगों ने “कई कानूनी उल्लंघनों” का आरोप लगाते हुए चिंता जताई है।

नबरंगपुर के सांसद ने कहा, ‘‘इन कथित अनियमितताओं के कारण ही स्थानीय लोग खनन क्षेत्र में सड़क निर्माण का विरोध कर रहे हैं।’’

उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न समूहों के “विरोधाभासी बयान” और अलग-अलग राजनीतिक दलों की “भ्रामक टिप्पणियों” ने ग्रामीणों में भय और भ्रम पैदा कर दिया है।

उन्होंने बताया कि भाजपा प्रतिनिधिमंडल अपनी जमीनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल को सौंपेगा।

इससे पहले बीजद, कांग्रेस और वाम दलों के तथ्य-अन्वेषण दल भी काशीपुर क्षेत्र का दौरा कर चुके हैं।

सिजीमाली खदान में करीब 31.1 करोड टन उच्च गुणवत्ता वाले बॉक्साइट का भंडार है, जो रायगड़ा-कालाहांडी सीमा क्षेत्र में 1,549 हेक्टेयर में फैला हुआ है।

अधिकारियों के अनुसार, खनन लीज एक निजी कंपनी को नीलामी के माध्यम से दी गई थी।

भाषा गोला पवनेश

पवनेश