एनएसए डोभाल के खिलाफ टिप्पणी को लेकर भाजपा ने राहुल गांधी का पुतला फूंका

Ads

एनएसए डोभाल के खिलाफ टिप्पणी को लेकर भाजपा ने राहुल गांधी का पुतला फूंका

  •  
  • Publish Date - September 21, 2026 / 08:29 PM IST,
    Updated On - September 21, 2026 / 08:29 PM IST

देहरादून, 21 सितंबर (भाषा) लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की ओर से राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल के खिलाफ हाल में की गई कथित टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को प्रदेश भर में उनका (राहुल) पुतला फूंका।

भाजपा के आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने राहुल की कथित टिप्पणी को ‘देवभूमि का अपमान’ बताते हुए विरोध-प्रदर्शन किया। उन्होंने कांग्रेस नेता का पुतला फूंका और कहा कि राज्य के गौरव से जुड़ी शख्सियत के अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

देहरादून में भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि एनएसए के खिलाफ कांग्रेस नेता का कटाक्ष देवभूमि के लोगों का अपमान है, जिससे जनता व्यथित है और इसे बिल्कुल स्वीकार नहीं किया जाएगा।

प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक विनोद चमोली ने कहा कि कांग्रेस लगातार उत्तराखंड के उन लोगों पर हमलावर है, जिन्होंने देश में बहुत उच्च स्तर पर सेवाएं दी हैं और भारत की सुरक्षा में योगदान दिया है।

चमोली ने कहा कि बात अकेले डोभाल की नहीं है, बल्कि इससे पहले हमारे रक्षा प्रमुख जनरल बिपिन रावत को “गली तक का गुंडा” कहा गया था।

चमोली ने कहा कि उत्तराखंड की जनता अब अपमान नहीं सहेगी और कांग्रेस के खिलाफ सड़कों पर उतरकर संघर्ष करेगी।

भाषा

दीप्ति पारुल

पारुल