कीव, 21 सितंबर (एपी) यूक्रेन की तरफ से रूस पर 1,000 से अधिक ड्रोन से हमला किए जाने के एक दिन बाद रूस ने सोमवार को दक्षिणी यूक्रेन के जापोरिज्जिया शहर को ड्रोन से निशाना बनाया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रविवार देर रात जापोरिज्जिया में हुए रूसी हमले में इमारतों, एक विश्वविद्यालय और एक शॉपिंग मॉल समेत कई स्थानों को नुकसान पहुंचा तथा पांच लोग घायल हुए। उन्होंने कहा कि रूस ने यूक्रेन के नौ अन्य क्षेत्रों को भी निशाना बनाया।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि उसकी सेना ने रातभर यूक्रेन में रसद केंद्रों, गोदामों और बंदरगाहों समेत अन्य सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।
मंत्रालय ने कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने रातभर रूस के विभिन्न क्षेत्रों और काला सागर के जल क्षेत्र में 244 यूक्रेनी ड्रोन नष्ट किए।
वहीं, यूक्रेन की वायुसेना ने कहा कि उसने रातभर हुए हमले में 148 रूसी ड्रोन को मार गिराया या निष्क्रिय कर दिया।
इस सप्ताह संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक के लिए वैश्विक नेताओं के न्यूयॉर्क में इकट्ठा होने के बीच रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म होने के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं।
जेलेंस्की ने कहा कि उन्हें वार्षिक महासभा के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की उम्मीद है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के महासभा अधिवेशन में शामिल होने की संभावना नहीं है।
एपी आशीष प्रेम
प्रेम