कोलकाता, 21 सितंबर (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के ममता बनर्जी गुट ने सोमवार को अपने अंतरिम चुनाव चिह्न ‘फुटबॉल खिलाड़ी’ का ‘लोगो’ जारी किया और अपने नेताओं एवं निर्वाचित प्रतिनिधियों से इसका प्रचार करने को कहा है।
पार्टी के मूल नाम और ‘जोड़ा घास फूल’ चुनाव चिह्न के इस्तेमाल पर निर्वाचन आयोग की रोक के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अब एक नयी चुनावी पहचान बनाने की कोशिश कर रही हैं।
इस नये ‘लोगो’ के बीचोंबीच फुटबॉल खिलाड़ी को रखा गया है और उसके चारों ओर नीले रंग की पृष्ठभूमि पर सफेद रंग से ‘ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ लिखा हुआ है। डिजाइन में केसरिया, सफेद और हरे रंग का भी इस्तेमाल किया गया है।
यह कवायद ऐसे समय में की गई है जब निर्वाचन आयोग ने पार्टी पर नियंत्रण को लेकर बढ़ते आंतरिक विवाद के बीच ‘ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ नाम और उसके ‘जोड़ा घास फूल’ चुनाव चिह्न के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है।
इसके बाद, आयोग ने छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए दोनों खेमों को अलग-अलग अंतरिम चुनाव चिह्न आवंटित किए।
ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट को ‘ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ नाम और ‘फुटबॉल खिलाड़ी’ चुनाव चिह्न, जबकि अरूप रॉय के नेतृत्व वाले प्रतिद्वंद्वी गुट को ‘डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस’ नाम और ‘लिफाफा’ चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है।
भाषा प्रचेता सुभाष
सुभाष