भाजपा का दावा, राजग ‘मेगा अदालत’ में मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र से तीन हजार शिकायतें मिलीं

भाजपा का दावा, राजग 'मेगा अदालत' में मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र से तीन हजार शिकायतें मिलीं

भाजपा का दावा, राजग ‘मेगा अदालत’ में मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र से तीन हजार शिकायतें मिलीं
Modified Date: March 7, 2026 / 08:53 pm IST
Published Date: March 7, 2026 8:53 pm IST

तिरुवनंतपुरम, सात मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने शनिवार को दावा किया कि भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) द्वारा हाल ही में आयोजित एक ‘मेगा अदालत’ के दौरान मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन के धर्मदम विधानसभा क्षेत्र से 3,000 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं।

सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट में चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री द्वारा एक दशक तक प्रतिनिधित्व किए जाने के बावजूद धर्मदम के कई निवासी अभी भी आवास, पीने के पानी और सड़क संपर्क जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘ जो कोई भी धर्मदम निर्वाचन क्षेत्र में कदम रखेगा, वह समझ जाएगा कि अत्यधिक गरीबी से मुक्त केरल का दावा महज खोखला दावा है। लोग विधायक के खोखले वादों और उपेक्षा से तंग आ चुके हैं।’

उन्होंने कहा कि अदालत के दौरान बड़ी संख्या में प्राप्त शिकायतें निर्वाचन क्षेत्र में शासन-प्रशासन के प्रति जनता की असंतुष्टि को दर्शाती हैं।

चंद्रशेखर ने यह भी दावा किया कि लोग तेजी से ‘मथियायी ई एमएलए; माट्टम थुडंगम (इस विधायक से बहुत हो गया; बदलाव शुरू होने दो) का नारा लगा रहे हैं। इसे उन्होंने केरल में राजनीतिक बदलाव की मांग करने वाले एक लोकप्रिय आंदोलन की पहचान बताया।

उनके अनुसार, निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा-राजग की मेगा अदालत और जनसंपर्क कार्यक्रम में हजारों लोगों ने भाग लिया और अपनी शिकायतें प्रस्तुत कीं।

भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी लोगों द्वारा उठाई गई शिकायतों के समाधान के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेगी और वादा किया कि उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

भाषा

शुभम पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में