असम चुनाव में हार के डर से बौखलाई भाजपा : अशोक गहलोत
असम चुनाव में हार के डर से बौखलाई भाजपा : अशोक गहलोत
जयपुर, सात अप्रैल (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी पर कटाक्ष करते हुए मंगलवार को कहा कि वह असम चुनाव में हार के डर से बौखला गई है।
असम पुलिस की टीम के मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के आवास पर पूछताछ के लिये पहुंची थी। गहलोत ने इस पर कटाक्ष करते हुए यह बात कही।
उन्होंने एक बयान में कहा, ‘असम चुनाव में हार के डर से भाजपा बौखला गई है। भाजपा की सबसे बड़ी कमजोरी यह है कि वह लोकतंत्र के बजाय पुलिस और सरकारी एजेंसियों के पीछे छिपकर वार करती है।’
उन्होंने कहा, ‘आज असम पुलिस का जिस तरह दुरुपयोग कर कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा के आवास पर छापेमारी की गई है, वह कायराना हरकत है। पर कांग्रेस को इन सब पैतरों से डराया नहीं जा सकता, असम पुलिस, सीबीआई, ईडी का डर दिखाने से कांग्रेस के दिलेर लोगों को कोई फर्क नहीं पड़ता है।’
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘असम की जनता सब देख रही है। वे जान चुके हैं कि भाजपा सिर्फ नफरत फैलाना और डराना जानती है। जल्द ही असम की जनता इस तानाशाही सरकार को माकूल जवाब देगी।’
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा ने भी इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा,’भाजपा की राजनीति सिर्फ और सिर्फ डराओ, धमकाओ, एवं संस्थाओं के दुरुपयोग से विपक्षी दलों के नेताओं का दमन कर सच को छिपाओ की रह गई है।’
उन्होंने कहा,’…लेकिन कांग्रेस का हर कार्यकर्ता मजबूती से खड़ा है। न डरेंगे, न झुकेंगे, सच्चाई के लिए डटकर मुकाबला करेंगे।’
भाषा पृथ्वी रंजन
रंजन

Facebook


