केंद्र की भाजपा सरकार ने चुनावी वादे पूरे न करके राजबंशियों को ‘धोखा’ दिया: अभिषेक
केंद्र की भाजपा सरकार ने चुनावी वादे पूरे न करके राजबंशियों को ‘धोखा’ दिया: अभिषेक
कोलकाता, सात अप्रैल (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार ने चुनाव प्रचार के दौरान किए गए अपने पिछले वादे को पूरा न करके उत्तरी बंगाल के राजबंशी समुदाय के ‘‘गौरव और आत्म-सम्मान’’ को ठेस पहुंचाई है।
कूचबिहार ज़िले के नटबारी विधानसभा क्षेत्र में एक सभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा ने अभी तक पश्चिम बंगाल सरकार की उस माँग पर कोई जवाब नहीं दिया है, जिसमें राजबंशी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची के तहत मान्यता देने की बात कही गई थी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने ऐसा करके राजबंशी समुदाय के ‘‘गौरव और आत्म-सम्मान’’ को ठेस पहुँचाई है, जिनकी अपनी अनूठी एवं मूल संस्कृति और पहचान है।
कूचबिहार ज़िले में मतदाताओं के एक बड़े हिस्से का प्रतिनिधित्व करने वाले समुदाय से झूठे वादे करने का आरोप लगाते हुए, उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा और कहा, ‘‘शाह ने 2019, 2021 और 2024 के चुनावी अभियानों में समुदाय के सदस्यों में से भारतीय सेना में ‘नारायणी सेना’ बटालियन बनाने का वादा किया था, लेकिन केंद्र ने अभी तक वह वादा पूरा नहीं किया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘शाह जैसे भाजपा नेता जब भाजपा उम्मीदवारों के लिए वोट मांगने राजबंशियों के इलाके में आते हैं, तो उन्हें ‘दोस्त’ बताते हैं और ढेरों वादे करते हैं; लेकिन चुनाव खत्म होते ही, वे दिल्ली लौट जाते हैं, इस समुदाय को पूरी तरह भुला देते हैं। मतुआ समुदाय समेत सभी समुदायों के प्रति शाह के दिखावटी प्रेम के मामले में भी यही सच है। यह भाजपा के धोखेबाज़ चेहरे की असलियत दिखाता है।’’
पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा का चुनाव दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होगा। मतों की गिनती चार मई को होगी।
भाषा नेत्रपाल अविनाश
अविनाश
अविनाश

Facebook


