भाजपा नेता चंद्रशेखर का नीट प्रदर्शनकारियों से ‘निहित स्वार्थी तत्वों के जाल में न फंसने’ का आह्वान
भाजपा नेता चंद्रशेखर का नीट प्रदर्शनकारियों से ‘निहित स्वार्थी तत्वों के जाल में न फंसने’ का आह्वान
(फाइल फोटो के साथ)
तिरुवंनतपुरम, 23 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने नीट के कथित प्रश्नपत्र लीक को लेकर विरोध कर रहे विद्यार्थियों से बृहस्पतिवार को निहित स्वार्थों के ‘जाल’ में न फंसने और हिंसा नहीं फैलाने की अपील करते हुए कहा कि इस मामले पर संसद में चर्चा होनी चाहिए।
चंद्रशेखर ने यहां प्रेसवार्ता में कहा कि विद्यार्थियों को इस मुद्दे पर विरोध करने और कथित प्रश्नपत्र लीक के लिए जिम्मेदार लोगों से जवाबदेही मांगने का पूरा अधिकार है, लेकिन उन्हे यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनका आंदोलन लोकतांत्रिक बना रहे।
कथित प्रश्नपत्र लीक को विद्यार्थियों के भरोसे को डिगा देने वाला अपराध करार देते हुए उन्होंने कहा कि सघन जांच, जवाबदेही और व्यवस्थागत सुधार जरूरी हैं।
उन्होंने कहा,‘‘विद्यार्थियों को यह पूछने का पूरा अधिकार है कि यह अपराध किसने किया, कैसे हुआ। वे जवाबदेही की मांग भी कर सकते हैं। जो लोग इसके लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए। लेकिन उन्हें हिंसा या अराजकता का हिस्सा नहीं बनना चाहिए।’’
चंद्रशेखर ने कहा कि पेपर लीक, चाहे नीट परीक्षा में हो या किसी अन्य परीक्षा में, विद्यार्थियों के भविष्य पर असर डालते हैं और शिक्षा प्रणाली में भरोसा कम करते हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि केंद्र सरकार ने दोबारा परीक्षा कराने का आदेश देकर, सीबीआई जांच शुरू करके और ‘ सार्वजनिक परीक्षा (कदाचार रोकथाम) अधिनियम, 2024’ जैसे सुधार लागू करके इस पर कार्रवाई की है।
चंद्रशेखर ने कहा कि पेपर लीक कोई नई बात नहीं है और पिछले कुछ सालों में कई राज्यों में ऐसा हुआ है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में भ्रष्टाचार चाहे कहीं भी हो, उसे दूर किया जाना चाहिए।
उन्होंने युवाओं के वास्ते कौशल विकास, स्टार्टअप को बढ़ावा देने और शिक्षा के अवसरों के विस्तार जैसे नरेन्द्र मोदी सरकार की पहलों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा को युवाओं के ख़िलाफ दिखाने के लिए एक झूठा विमर्श गढ़ा जा रहा है।
चंद्रशेखर ने किसी संगठन का नाम लिए बिना आरोप लगाया कि कुछ निहित स्वार्थ वाले लोग विद्यार्थियों के आंदोलन का इस्तेमाल अपने राजनीतिक मकसद पूरे करने और परीक्षा प्रश्नपत्र लीक होने के मुख्य मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए काम कर रहे हैं।
चंद्रशेखर ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास के पास हुए विरोध प्रदर्शन पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री आवास के पास सुरक्षा घेरे का उल्लंघन किया।
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे मुद्दों पर बहस करने के लिए संसद सही मंच है। विद्यार्थियों को विरोध प्रदर्शन के नाम पर हिंसा या अराजकता में नहीं घसीटा जाना चाहिए।’’
भाषा
राजकुमार नरेश
नरेश

Facebook


