नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पद पर 12 साल पूरे करने और भारत के निर्वाचित शासनाध्यक्ष के रूप में लगातार सबसे लंबे समय तक सेवा का कीर्तिमान स्थापित करने के अवसर मंत्रियों, सांसदों और विधायकों समेत भाजपा के नेताओं ने देश भर के मंदिरों में ‘हवन’ और विशेष पूजा-अर्चना की।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राष्ट्रीय राजधानी के झंडेवाला मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, पार्टी सांसद बांसुरी स्वराज और भाजपा के कई अन्य नेता भी उनके साथ मौजूद थे।
जे पी नड्डा, पीयूष गोयल, जितेंद्र सिंह और धर्मेंद्र प्रधान समेत केंद्रीय मंत्रियों ने भी दिल्ली के अलग-अलग मंदिरों में पूजा-अर्चना की।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उत्तरी दिल्ली में किशनगंज गौशाला का दौरा किया और एक मंदिर में पूजा-अर्चना की।
मोदी ने बुधवार को 4,399 दिनों के लगातार कार्यकाल के साथ भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का कीर्तिमान स्थापित किया। उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का 4,398 दिनों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई ने मोदी की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और देश की तरक्की के लिए सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों और मोदी के लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी में मंदिरों में पूजा-अर्चना और विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया।
भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लखनऊ के हनुमान सेतु मंदिर में पूजा-अर्चना की, जबकि पार्टी के राज्य महासचिव (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में अनुष्ठान किए।
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को उत्तराखंड के प्रमुख मंदिरों, जिनमें बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के चार धाम मंदिर भी शामिल हैं, में नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री के तौर पर 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष पूजा-अर्चना की गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संकल्प के बाद आयोजित ये अनुष्ठान उत्तरकाशी के श्री शक्ति मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के साथ-साथ राज्य भर के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी किए गए जिसमें प्रधानमंत्री की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और उनके नेतृत्व के लिए प्रार्थनाएं की गईं।
पंजाब में भाजपा नेताओं ने धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना की और मोदी को बधाई दी।
भाजपा की पंजाब इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने चंडीगढ़ के एक गुरुद्वारे में मत्था टेका और कहा कि उन्होंने ‘‘हमारे प्रिय, मेहनती और दूरदर्शी नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री के तौर पर 12 साल के अभूतपूर्व और ऐतिहासिक कार्यकाल’’ के पूरा होने पर ‘शुक्राना’ (आभार) व्यक्त किया।
भाजपा की गुजरात इकाई ने राज्य के विभिन्न मंदिरों में ‘महा आरती’ का आयोजन किया।
गुजरात भाजपा ने एक बयान में कहा, ‘‘बुधवार सुबह मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने गांधीनगर के अडालज स्थित त्रिमंदिर में महाआरती में हिस्सा लिया।’’
राजस्थान में भी प्रधानमंत्री मोदी के लिए विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने जयपुर के मोती डूंगरी गणेश मंदिर में प्रधानमंत्री के कल्याण, लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और देश की निरंतर सेवा के लिए प्रार्थना की।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने महाराष्ट्र के कई मंदिरों में विशेष प्रार्थनाओं का आयोजन किया। भाजपा पार्षद संजय वाघुले ने बताया कि मोदी की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए ठाणे के नौपाडा इलाके में स्थित 125 साल पुराने श्री गावदेवी मंदिर में एक भव्य ‘महा आरती’ आयोजित की गई।
इस मौके पर ओडिशा में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग मंदिरों में पूजा-अर्चना की। वहीं, भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष और सांसद मनमोहन सामल ने भुवनेश्वर के लिंगराज मंदिर में दीप जलाया और प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य के लिए पूजा अर्चना पूजा की।
भाषा धीरज आशीष
आशीष