अहमदाबाद, 10 जून (भाषा) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पद पर 12 वर्ष पूरे होने के मौके पर बुधवार को उन्हें एक पत्र लिखा और उनके नेतृत्व की सराहना की।
पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को नयी ऊंचाइयों पर पहुंचाया, राष्ट्रीय सुरक्षा को सुदृढ़ किया तथा विकास की गति को तेज किया है।
मुख्यमंत्री ने चार पृष्ठों का यह पत्र ‘एक्स’ पर साझा करते हुए कहा, ‘‘गुजरात के 6.5 करोड़ लोगों की ओर से मैं माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को उनके निरंतर और सफल 12 वर्षों के शासन के पूरा होने पर बधाई देते हुए यह पत्र भेज रहा हूं।’’
पटेल ने पत्र में कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने एक ‘‘अभूतपूर्व वैश्विक प्रतिष्ठा’’ हासिल की है और इस अवधि के दौरान विश्वभर में उसे नया सम्मान मिला है।
उन्होंने कहा, ‘‘आपको विभिन्न देशों द्वारा प्रदान किये गये सम्मान भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाती हैं और यह हर भारतीय, विशेषकर गुजरात के लोगों के लिए अत्यंत गर्व का विषय रहा है।’’
मुख्यमंत्री ने आतंकवाद को लेकर केंद्र सरकार की प्रतिक्रिया की सराहना की, जिसमें सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख किया गया। उन्होंने कहा कि इन कार्रवाइयों ने विश्व के समक्ष भारत की शक्ति और संकल्प को प्रदर्शित किया, साथ ही नागरिकों में गर्व, आत्मविश्वास और एकता की भावना को बढ़ाया।
पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का गरीब, वंचित और समाज के हाशिए पर रहने वाले वर्गों के प्रति समर्पण अब कल्याणकारी योजनाओं और नागरिक-केंद्रित शासन के माध्यम से ठोस कार्रवाई में बदल चुका है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में अंत्योदय और ‘नागरिक देवो भव’ के सिद्धांतों ने शासन को आकार दिया है, जबकि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के नारे ने लोगों को देश की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया है।
भाषा
देवेंद्र सुभाष प्रशांत
सुभाष