ईआरसीपी के नाम पर झूठी वाहवाही लूटने का प्रयास कर रही है भाजपा नीत सरकार: गहलोत

ईआरसीपी के नाम पर झूठी वाहवाही लूटने का प्रयास कर रही है भाजपा नीत सरकार: गहलोत

ईआरसीपी के नाम पर झूठी वाहवाही लूटने का प्रयास कर रही है भाजपा नीत सरकार: गहलोत
Modified Date: May 29, 2024 / 03:25 pm IST
Published Date: May 29, 2024 3:25 pm IST

जयपुर, 29 मई (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) के कार्यान्वयन को लेकर बुधवार को राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार पर आरोप लगाया कि वह इसके नाम पर झूठी वाहवाही लूटने का प्रयास कर रही है।

गहलोत ने यह भी कहा कि राजस्थान सरकार जल्द से जल्द इस संबंध में मध्य प्रदेश सरकार के साथ किए गए समझौते को सार्वजनिक करे।

गहलोत ने इस परियोजना के तहत बने पहले बांध नौनेरा का परीक्षण जल्द शुरू होने संबंधी खबर साझा करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘नयी सरकार ईआरसीपी के नाम पर थोथी वाहवाही लेने का काम कर रही है जबकि राजस्थान और मध्यप्रदेश के बीच हुए समझौते (एमओयू) को जनता के बीच नहीं रखा गया है और ना ही पानी की मात्रा का कोई जिक्र है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ईआरसीपी को केंद्र सरकार से राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा दिलवाकर पुराने डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) के मुताबिक सिंचाई के पानी सहित ईआरसीपी बनाने से हमारे हित सुरक्षित रहते।’’

गहलोत ने पोस्ट में भाजपा नीत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘राजस्थान सरकार जल्द से जल्द मध्य प्रदेश सरकार के साथ हुआ एमओयू सार्वजनिक करे जिससे राजस्थान की जनता को पता चले कि उनके हित सुरक्षित रहे हैं या नहीं। ऐसा लगता है कि इस एमओयू से बस राज्य सरकार और केंद्र सरकार ने चुनाव से पहले झूठी वाहवाही लूटने का प्रयास किया है।’’

पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि उनकी सरकार ने ईआरसीपी का काम शुरू किया था जिसके तहत नौनेरा और ईसरदा बांध बनने शुरू हो गए थे। कोरोना के कारण करीब दो साल काम बंद रहा लेकिन अब नौनेरा बांध का काम पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि काम में किसी तरह का व्यवधान ना हो इसके लिए कांग्रेस नीत पूर्ववर्ती सरकार ने 13,500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया था।

गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री ने दो बार ईआरसीपी को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा देने का वादा किया था जिसे उन्होंने पूरा नहीं किया।

गहलोत ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि वह ‘स्लिप डिस्क’ की परेशानी के चलते बुधवार को चुनावी कार्यक्रम में भाग नहीं ले पाए।

पूर्व मुख्यमंत्री ने लिखा, ‘‘आज चंडीगढ़ में मेरी प्रेस वार्ता एवं (पंजाब के)गढ़शंकर में कांग्रेस प्रत्याशी विजय इंद्र सिंगला के समर्थन में रैली प्रस्तावित थीं। इसके लिए कल शाम को चंडीगढ़ पहुंच गया था लेकिन कल रात से स्लिप डिस्क संबंधी परेशानी होने के कारण डॉक्टरों की सलाह पर सारे कार्यक्रम रद्द करते हुए वापस जयपुर आना पड़ा है।’’

भाषा पृथ्वी मनीषा आशीष

आशीष


लेखक के बारे में