संगरूर, 26 जून (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान सतर्क रहने का आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आगामी चुनावों के परिणामों को प्रभावित करने के लिए सत्तारूढ़ पार्टी के समर्थकों के नाम हटाने की कोशिश कर सकती है।
मान ने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार की जनहितकारी पहलों ने राज्य के लोगों के जीवन में उल्लेखनीय सुधार किया है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत करने की अपील की तथा विश्वास जताया कि अगले वर्ष होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी भारी बहुमत के साथ दोबारा सत्ता में लौटेगी।
मान ने यहां एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब में 25 जून से मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण शुरू हो गया है, जिससे प्रत्येक पार्टी कार्यकर्ता की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के माध्यम से भाजपा राज्य में आगामी चुनावों में सत्ता हासिल करने के लिए आम आदमी पार्टी समर्थकों के वोट हटाने का प्रयास कर सकती है।
मान ने कहा, ‘चुनाव जीतने के लिए यह भाजपा की मानक कार्यप्रणाली बन गई है। प्रत्येक कार्यकर्ता को सतर्क रहना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि एक भी वास्तविक मतदाता का नाम मतदाता सूची से न हटे।’
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार जनता के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सत्ता में आने के बाद से कई जनहितकारी फैसले लिए हैं।
उन्होंने दावा किया, ‘अगले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी 100 से अधिक सीट जीतेगी।’
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप