नयी दिल्ली, 26 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने ‘एपीके’ फाइल के जरिए एक महिला का मोबाइल फोन हैक कर उसके बैंक खाते से अनधिकृत रूप से पैसे निकालने के आरोप में झारखंड व पश्चिम बंगाल से चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि ये गिरफ्तारियां पिछले साल दर्ज की गई एक ई-प्राथमिकी के आधार पर की गई है।
उन्होंने बताया कि एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि उसे एक संदेश मिला था जिसमें कहा गया था कि उसका गैस कनेक्शन काट दिया जाएगा और मदद के लिए एक मोबाइल नंबर पर संपर्क करने को कहा गया था।
पुलिस ने बताया कि जब उसने उस नंबर पर कॉल किया, तो जालसाज़ों ने कथित तौर पर उसे एक ‘मैसेजिंग ऐप’ के ज़रिए एपीके फ़ाइल भेजी और इसे डाउनलोड करते ही आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन हैक कर लिया और आरोपियों ने उसके बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से पैसे स्थानांतरित किए।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के खातों से करीब 2.64 लाख रुपये उड़ा लिए गए और पैसे के लेन-देन का पता न चल पाए, इसलिए उस रकम का इस्तेमाल तुरंत महंगे मोबाइल फ़ोन, गिफ़्ट कार्ड और दूसरी कीमती चीज़ें खरीदने में किया गया।
जांच के दौरान, पुलिस ने पीड़िता के क्रेडिट कार्ड का उपयोग कर खरीदे गए दो मोबाइल फोन का पता लगाया और पाया कि उन्हें शाहीनबाग में एक फर्जी पते पर पहुंचाया गया था।
तकनीकी विश्लेषण ने जांचकर्ताओं को शाहीन बाग में एक दुकान पर काम करने वाले एक विक्रेता तक पहुंचाया, जो कथित तौर पर साइबर जालसाजों की ओर से पार्सल प्राप्त कर रहा था और उन्हें कमीशन लेकर कोलकाता भेज रहा था।
पुलिस ने कहा कि उसके मोबाइल फोन से गिरोह सदस्यों के साथ बातचीत का पता लगा।
जांच के दौरान पुलिस कोलकाता पहुंची, जहां मोहम्मद साहिल (28) को खिदिरपुर हब में एक पार्सल लेते समय गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, वह धोखाधड़ी से खरीदे गए सामान प्राप्त करने के लिए फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर रहा था।
डिजिटल साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मोहम्मद रहीम (30) को भी कोलकाता से गिरफ्तार किया। पुलिस का आरोप है कि वह इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को रियायती दरों पर खरीदता था और बाद में उन्हें विदेशी आकाओं समेत अवैध नेटवर्क के जरिए बेच देता था।
जांच में गिरोह के झारखंड मॉड्यूल का भी खुलासा हुआ, जिसके बाद मोहम्मद मोहसिन (25) और मोहम्मद दिलशाद (21) को देवघर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों कथित तौर पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को ठिकाने लगाने और साइबर धोखाधड़ी से हासिल रकम को इधर-उधर करने में शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से 20 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक टैबलेट, 61,900 रुपये नकद, सोने के सिक्के, चांदी का सामान और एक एसयूवी कार आदि बरामद किए गए हैं।
भाषा नोमान
नोमान अविनाश
अविनाश