गुजरात: अहमदाबाद के आभूषण दुकान में डकैती का आरोपी वायुसैनिक गिरफ्तार

Ads

गुजरात: अहमदाबाद के आभूषण दुकान में डकैती का आरोपी वायुसैनिक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 26, 2026 / 10:19 PM IST,
    Updated On - June 26, 2026 / 10:19 PM IST

अहमदाबाद, 26 जून (भाषा) गुजरात पुलिस ने अहमदाबाद में दो साल पहले आभूषण की दुकान पर हुई डकैती के मामले में वायुसेना के एक कार्पोरल को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस डकैती का खुलासा सेवानिवृत्त अधिकारी के जामनगर स्थित आवास से चोरी गई सरकारी रिवाल्वर की मदद से किया गया।

मामले में आरोपी वायुसेना के कॉर्पोरल दीपक भुकर (31) को दिल्ली से गिरफ़्तार किया गया। यह गिरफ़्तारी तब हुई जब एक जांच के दौरान जामनगर में हुई चोरी की कड़ी जुलाई 2024 में अहमदाबाद के आभूषण दुकान से करीब डेढ़ करोड़ की लूट से जुड़ी क्योंकि दुकान मालिक के घुटने में गोली मारी गई थी।

डीसीपी (जोन-3) रूपल सोलंकी ने बताया कि यहां की एक अदालत ने शुक्रवार को भुकर को आठ दिन की पुलिस हिरासत पर भेज दिया।

उन्होंने बताया कि हथियारबंद आरोपी 16 जुलाई 2024 की दोपहर अहमदाबाद के माणिकचौक इलाके में आभूषण की एक दुकान में दाखिल हुआ और 1.51 करोड़ रुपये की कीमत के आभूषण लूट लिये, साथ ही, दुकान के मालिक के घुटने में गोली मारकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने लूट के समय अपना चेहरा ढका हुआ था और लाल टोपी पहनी थी।

उसने बताया कि आरोपी तुरंत अहमदाबाद से भाग गया और दो साल तक गिरफ्तारी से बचता रहा। उसे दिल्ली में वायुसेना के तैनाती स्थल से गिरफ्तार किया गया।

सोलंकी ने बताया कि उन्हें हाल ही में एक जानकारी मिली थी कि जामनगर के एक घर से चोरी गई सरकारी रिवॉल्वर का इस्तेमाल अहमदाबाद में हुई डकैती में किया गया था, और इस जानकारी ने जांच की दिशा बदल दी।

उन्होंने बताया कि इस जानकारी के आधार पर स्थानीय अपराध शाखा और खाडिया पुलिस अधिकारियों समेत अलग-अलग टीमें बनाई गईं और उन्होंने जामनगर की घटना से जुड़ी ज़रूरी जानकारी बारीकी से जुटाई।

सोलंकी ने बताया, ‘‘आगे की जांच से ज्ञात हुआ कि लूट में जामनगर में वायुसेना के एक सेवानिवृत्त अधिकारी के घर से चोरी रिवॉल्वर का इस्तेमाल किया गया था। घर में चोरी का मामला भी तब तक सुलझा नहीं था। दोनों अपराधों के सीसीटीवी फ़ुटेज की जांच से आरोपी की पहचान हो गई।’’

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान खुलासा हुआ कि दोनों अपराधों में शामिल संदिग्ध व्यक्ति घटनाओं के समय जामनगर वायुसेना केंद्र में तैनात था और अभी दिल्ली में वायुसेना में कॉर्पोरल के तौर पर काम कर रहा है।

सोलंकी ने बताया कि अहमदाबाद की एक पुलिस टीम ने तलाशी के बाद दिल्ली से आरोपी को पकड़ा।

उन्होंने कहा, ‘‘अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार और कारतूस आरोपी की बैरक से बरामद किए गए, और इन्हें ज़ब्त करने के बाद कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।’’

अधिकारी ने बताया कि आरोपी प्रौद्योगिकी का अच्छा जानकार है और उसने होटल में रहने के लिए नकली आधार कार्ड और मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया, साथ ही उंगलियों के निशान न छूटें, इसके लिए अपनी उंगलियों पर टेप लपेट लिया था।

उन्होंने कहा कि वायुसेना में कार्यरत रहने के कारण वह हथियारों की तकनीकी जानकारी रखता है और आग्नेयास्त्रों को चलाने में माहिर है।

सोलंकी ने बताया, ‘‘अपराध को अंजाम देने के बाद, वह रास्ते में छह-सात ऑटो-रिक्शा और अपने कपड़े बदलकर घटनास्थल से भाग गया। उसे पहले जामनगर में शराबबंदी से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया था।’’

भाषा धीरज संतोष

संतोष