रुद्रपुर में एलपीजी सिलेंडर बुकिंग में फर्जीवाड़े का शिकार बने भाजपा विधायक शिव अरोड़ा

Ads

रुद्रपुर में एलपीजी सिलेंडर बुकिंग में फर्जीवाड़े का शिकार बने भाजपा विधायक शिव अरोड़ा

  •  
  • Publish Date - March 29, 2026 / 09:33 PM IST,
    Updated On - March 29, 2026 / 09:33 PM IST

रुद्रपुर (उत्तराखंड), 29 मार्च (भाषा) उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले के मुख्यालय रुद्रपुर में रसोई गैस बुकिंग में फर्जीवाड़ा कर कालाबाजारी करने का मामला सामने आया है जहां विधायक शिव अरोड़ा खुद इसका शिकार बन गए।

रुद्रपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अरोड़ा ने प्रशासनिक अधिकारियों को मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर के भूरारानी मोड़ स्थित दुआ गैस एजेंसी में विधायक की पत्नी सीमा अरोड़ा के नाम से रसोई गैस का कनेक्शन है। 18 मार्च को सीमा के मोबाइल फोन पर संदेश आया कि उनका गैस सिलेंडर उनके घर पहुंचा दिया गया है जबकि उन्होंने गैस की बुकिंग ही नहीं करवाई थी और न ही उनके घर सिलेंडर पहुंचा था।

जब इस मामले को लेकर विधायक रविवार को गैस एजेंसी पहुंचे तो वहां कई उपभोक्ता इसी प्रकार की शिकायंते लेकर आए हुए थे जिन्हें बिना बुकिंग कराए ही उनके कनेक्शन पर गैस बुक दिखाकर ‘डिलीवरी’ का संदेश भेजा जा रहा था।

उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने अपने मोबाइल फोन से गैस सिलेंडर की बुकिंग कराने का प्रयास किया तो उन्हें पता चला कि उनकी बुकिंग की तारीख अभी नहीं आयी है क्योंकि उन्हें पहले ही सिलेंडर की आपूर्ति हो चुकी है।

इससे नाराज विधायक ने गैस एजेंसी मालिक को खरी खोटी सुनाई और कहा कि रसोई गैस की कोई कमी नहीं है लेकिन दलाल और कालाबाजारी करने वालों के चलते उनके क्षेत्र के उपभोक्ताओं को इसके लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।

इसी बीच, सूचना पाकर मौके पर पहुंचे तहसीलदार दिनेश और खाद्य आपूर्ति इंस्पेक्टर मलकित सिंह को अरोड़ा ने गैस एजेंसी का लाइसेंस निरस्त करने और मुकदमा दर्ज करने जैसे कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गयी है।

भाषा सं दीप्ति गोला

गोला