जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने वाले प्रस्ताव के खिलाफ विधानसभा में भाजपा का प्रदर्शन

Ads

जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने वाले प्रस्ताव के खिलाफ विधानसभा में भाजपा का प्रदर्शन

  •  
  • Publish Date - September 30, 2026 / 04:23 PM IST,
    Updated On - September 30, 2026 / 04:23 PM IST

जम्मू, 30 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेतृत्व वाली जम्मू-कश्मीर सरकार के खिलाफ विधानसभा में पारित उस प्रस्ताव को लेकर प्रदर्शन किया, जिसमें स्वायत्तता समेत जम्मू-कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग की गई है।

भाजपा ने आरोप लगाया कि सरकार ने पर्याप्त चर्चा के बिना प्रस्ताव पारित कराया और अपने चुनावी वादे पूरे करने में विफल रही है।

पार्टी सांसद जुगल किशोर शर्मा और अन्य वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता कच्ची छावनी में एकत्र हुए और इलाके में जुलूस निकाला। इस दौरान उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार के खिलाफ नारे भी लगाए।

प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के इस्तीफे और सरकार को भंग करने की मांग की। उनका आरोप था कि विधानसभा का प्रस्ताव जम्मू-कश्मीर में अधिक स्वायत्तता से जुड़े प्रावधानों को फिर से लागू करने का प्रयास है, जिन्हें राजग सरकार वर्षों पहले खारिज कर चुकी है।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला भी जलाया। प्रदर्शन के रास्ते पर बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए थे।

भाजपा सांसद शर्मा ने आरोप लगाया कि पार्टी के विधायकों को प्रस्ताव पर चर्चा में पर्याप्त हिस्सा लेने का मौका नहीं दिया गया और आपत्ति जताने पर उन्हें विधानसभा से जबरन बाहर कर दिया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे विधायकों ने विधानसभा के अंदर सरकार के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाई और सरकार को प्रस्ताव उस तरीके से पारित करने से रोकने के लिए मजबूर किया, जैसा वह चाहती थी।’’

शर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार ने प्रस्ताव जबरन पारित कराया है। उन्होंने कहा कि देश तथा जम्मू-कश्मीर की जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री और उनकी सरकार के इस्तीफे की मांग की।

भाजपा सांसद ने नेकां सरकार पर रोजगार देने और लोगों को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने जैसे चुनावी वादे पूरे नहीं करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों का ध्यान वास्तविक मुद्दों से हटाने के लिए अन्य मुद्दे उठा रही है।

जम्मू-कश्मीर विधानसभा ने सोमवार को विपक्षी दल भाजपा के बहिर्गमन के बीच स्वायत्तता सहित पूर्ण राज्य का दर्जा तत्काल बहाल करने की मांग वाला प्रस्ताव पारित किया था। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने यह प्रस्ताव पेश किया था।

भाषा शोभना नरेश

नरेश