नयी दिल्ली, एक जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का ‘‘उपहास उड़ाने’’ का आरोप लगाते हुए बुधवार को उनकी निंदा की और कहा कि राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के साथ रेड्डी का ‘‘अहंकार’’ टूट जाएगा।
रेड्डी ने मंगलवार को नवीन की उस अपील को खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से 2028 के तेलंगाना चुनाव में भाजपा की जीत के इरादे से काम करने को कहा था। रेड्डी ने कहा कि पार्टी को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव जीतने में 15 साल लग गए और तेलंगाना में भी उसका यही हाल होगा।
हैदराबाद में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हाल में एक व्यक्ति यहां आए थे, नवीन या जो भी नाम हो… मुझे उनका नाम ठीक से नहीं पता। लेकिन वह यहां आकर कहते हैं कि अगली सरकार उनकी होगी।’’
रेड्डी ने कहा, ‘‘आपने पश्चिम बंगाल के बारे में भी यही बात कही थी। बंगाल में सरकार बनाने में आपको 15 साल लग गए। आपकी चालें शायद वहां इसलिए काम कर गईं क्योंकि ममता बनर्जी वहां सत्ता में थीं। लेकिन यहां, हमारे सभी लोग तैयार हैं और वे आपको कुचल देंगे।’’
मुख्यमंत्री की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने उन्हें कांग्रेस का ‘‘दरबारी और अहंकारी’’ नेता बताया।
शुक्ला ने यहां पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से कहा, ‘‘अहंकार में डूबे रेवंत रेड्डी को अपनी बंद आंखें खोलकर देखना चाहिए कि नितिन नवीन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, जो दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है और भारत के 22 राज्यों में सत्ता में है।’’
उन्होंने कहा कि भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने भी अहंकार दिखाया था जो आखिरकार 2023 में तेलंगाना विधानसभा चुनाव में उसकी हार के साथ टूट गया।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘वही घमंड अब आप (रेवंत रेड्डी) पर भी हावी हो गया है। आपका घमंड भी बस कुछ ही महीनों का मेहमान है। यकीन मानिए चापलूसी और अहंकार की राजनीति का पतन तय है।’’
शुक्ला ने दावा किया कि नवीन के नेतृत्व में भाजपा 2028 का तेलंगाना चुनाव जीतेगी और कांग्रेस को सत्ता से हटाएगी।
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘रेवंत रेड्डी मेरी बात याद रखिएगा, आपकी चापलूसी और अहंकार वाली राजनीति अधिक दिन नहीं चलेगी। आपके गिने-चुने दिन बचे हैं। आपके पास बस कुछ ही महीने रह गए हैं।’’
भाषा सुरभि खारी
खारी