नयी दिल्ली, एक जुलाई (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने नकली दवा बनाने वाले गिरोह की जांच से जुड़े कथित तीन करोड़ रुपये के रिश्वत मामले में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी दीपक गहलावत को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि कथित अपराध के समय गहलावत नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) में क्षेत्रीय निदेशक के पद पर तैनात थे। उन पर आरोप है कि उन्होंने अपने कथित प्रभाव का इस्तेमाल कर सीबीआई अधिकारियों से संपर्क के जरिए पुडुचेरी के एक कारोबारी को जांच में अनुकूल परिणाम दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बदले उन्होंने कथित तौर पर तीन करोड़ रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
यह मामला सीबीआई द्वारा जून में चलाए गए एक अभियान से जुड़ा है। इस अभियान के दौरान दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के निरीक्षक प्रदीप सिंह और कथित बिचौलिए राजकुमार को गिरफ्तार किया गया था।
सीबीआई ने इस मामले में प्रदीप सिंह, राजकुमार और कारोबारी एन. राजा के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की थी।
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत